Page Loader
ऑस्ट्रेलिया: ब्रा के साइज के हिसाब से मुफ्त ड्रिंक दे रहा था पब, जुर्माना लगा
ब्रा के साइज के आधार पर मुफ्त ड्रिंक देने वाले पब पर लगा जुर्माना

ऑस्ट्रेलिया: ब्रा के साइज के हिसाब से मुफ्त ड्रिंक दे रहा था पब, जुर्माना लगा

लेखन गौसिया
Oct 24, 2023
01:45 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में स्थित वूलशेड ऑन हिंडले नामक पब ने कुछ महीनों पहले ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एक अजीबोगरीब और विवादित तरीका अपनाया था। पब ने महिलाओं को उनकी ब्रा के साइज के आधार पर मुफ्त ड्रिंक देने का ऐलान किया था। इस योजना की वजह से पब को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और अब जांच के बाद उस पर 3.23 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

योजना

क्या थी ब्रा के साइज वाली योजना?

मुफ्त ड्रिंक की अपनी योजना में पब ने A-कप साइज की ब्रा पहनने वाली महिलाओं को एक ड्रिंक, B-कप ब्रा पहनने वाली महिलाओं को 2 ड्रिंक और C-कप ब्रा वाली महिलाओं को 3 ड्रिंक मुफ्त में देने का ऐलान किया था। इसे साबित करने के लिए महिलाओं को अपनी ब्रा उतारनी पड़ती थी। इस योजना के प्रचार में लिखा था, 'जितना बड़ा, उतना बेहतर। ब्रा पहनना असुविधाजनक है, इसलिए इसे शेड में लटका दें।'

आलोचना

योजना पर ग्राहकों ने क्या कहा था?

ज्यादातर लोगों ने पब की इस योजना को अपमानजनक और शारीरिक भेदभाव बताया था। आलोचनाओं के बाद पब ने सोशल मीडिया पर माफीनामा पोस्ट किया था। इसमें उसने कहा था कि वह इसके लिए माफी मांगता है कि उसकी योजना की वजह से कुछ लोगों को असहज और शर्मसार महसूस हुआ, लेकिन उसका इरादा ऐसा नहीं था। इसके अलावा पब ने इस योजना को रद्द करके आगे प्रचार के लिए जनता से सुझाव मांगे थे।

मामला

अब उपभोक्ता और व्यावसायिक सेवा विभाग ने की पब पर कार्रवाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले की जांच उपभोक्ता और व्यावसायिक सेवा विभाग ने की। यह विभाग उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यवसायों को विनियमित करने में मदद करता है। इसने पब के इस आपत्तिजनक विज्ञापन को लेकर उस पर 3 लाख से अधिक का भारी जुर्माना लगाया है। विभाग ने कहा कि पब ने राज्य की सामान्य अभ्यास संहिता और देर रात अभ्यास संहिता का उल्लंघन किया है, जिसके कारण उस पर यह जुर्माना लगाया गया है।

बयान

अधिकारियों ने क्या कहा?

इस मामले पर लिकर एंड गैंबलिंग कमिश्नर दीनी सोलियो ने कहा, "पब की योजना लिंग आधारित है, जिसमें उसने महिलाओं को वस्तु की तरह पेश किया। यह समुदाय की अपेक्षाओं के खिलाफ तो है ही, साथ ही संहिता का उल्लंघन भी है।" उन्होंने कहा कि लाइसेंस प्राप्त ऐसी जगहों के लिए थीम नाइट जैसे प्रचार के अन्य माध्यम ग्राहकों को आकर्षित करने के अच्छे तरीके हो सकते हैं, लेकिन इसके लिए उचित मानक होने चाहिए।