Page Loader
मोनालिसा की पेंटिंग में मौजूद पुल का रहस्य सुलझा, इतालवी इतिहासकार ने किया दावा 
मोनालिसा की पेंटिंग में पुल का रहस्य सुलझा

मोनालिसा की पेंटिंग में मौजूद पुल का रहस्य सुलझा, इतालवी इतिहासकार ने किया दावा 

लेखन गौसिया
May 04, 2023
06:30 pm

क्या है खबर?

मोनालिसा की पेंटिंग मशहूर होने के साथ-साथ रहस्यों से भरी हुई है। इसे इटली के चित्रकार लियोनार्दो द विंची ने बनाया था। इस पेंटिंग को लेकर अलग-अलग दावे हैं। हालांकि, अब इतालवी इतिहासकार सिल्वानो विंसेटी ने मोनालिसा की पेंटिंग में मौजूद एक पत्थर के पुल की पहचान की है। उन्होंने पेंटिंग में दिख रहे पत्थर के पुल की पहचान टस्कनी में स्थित एक पुल के रूप में की है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

पुल

पेंटिंग में है अरेज्जो शहर का रोमिटो डी लेटरिना पुल 

अगर आप द विंची द्वारा बनाई गई मोनालिसा की पेंटिंग को गौर से देखेंगे तो उसमें आपको मोना लिसा के पीछे एक पुल नजर आएगा। इतिहासकार विंसेटी ने दावा किया है कि यह पुल टस्कनी के अरेज्जो शहर में रोमिटो डी लेटरिना पुल है, जो 16 वीं शताब्दी में बनाया गया था। जानकारी के मुताबिक, यह पुल अरेज्जो को फिसोल और फ्लोरेंस से जोड़ता था।

जानकारी

इतिहासकार ने इस तरह की पुल की पहचान

इस पेंटिंग में पुल की पहचान दशकों से चर्चा का विषय रही है। इससे पहले कई सिद्धांतों ने पुल को लेटरिना के पास पोंटे बुरियानो और पियासेंजा शहर में पोंटे बोब्बियो के रूप में पहचाना था। हालांकि, विंसेटी ने पुल के घुमावदार आकार की तुलना करके पहले के सिद्धांतों को गलत साबिक किया है। वेंसिटी के मुताबिक, पेंटिंग में पुल को 4 घुमावदार आकार के साथ दिखाया है, लेकिन पोंटे बुरियानो में 6 आकार हैं।

बयान

निष्कर्ष निकालने के लिए इतिहासकार ने किया तुलनात्मक अध्ययन

विंसेटी ने मीडिया को बताया कि उन्होंने ऐतिहासिक दस्तावेजों और ड्रोन तस्वीरों की जांच की और इसका निष्कर्ष निकालने के लिए तुलनात्मक अध्ययन किया। उन्होंने कहा, "द विंची की पेंटिंग में पुल के घुमावदार आकार की संख्या रोमिटो पुल की तरह ही 4 थी, लेकिन आज रोमिटो के 4 घुमावदार आकार में से केवल एक ही बरकरार है।" इसके अलावा विंसेटी ने चारों आकार के बीच की जगह पता करने के लिए पुल के बीच की चौड़ाई को भी मापा।

जानकारी 

इतिहासकार के दावे से खुश हैं लेटरिना के निवासी 

अरेज्जो शहर के लेटरिना के लोग विंसेटी के दावे और निष्कर्षों से काफी खुश हैं। द गार्जियन के अनुसार , लेटरिना की मेयर सिमोना नेरी ने कहा कि अब पुल के बचे हुए हिस्सों की रक्षा करने की जरूरत की, जिसके लिए काफी पैसों की आवश्यकता होगी। बता दें कि वर्तमान समय में लेटरिना सिर्फ 3,500 लोगों का एक शहर है। अब इतिहासकार के निष्कर्षों के बाद नेरी को उम्मीद हैं कि यह जगह पर्यटकों को अधिक आकर्षित करेगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

इटली के लियोनार्डो दा विंची एक ऐसे व्यक्ति थे, जो बहुत सारे विषयों के बारे में बहुत कुछ जानते थे। उन्होंने मूर्तिकला, ड्राइंग, संगीत और पेंटिंग सहित इजीनियरिंग, शरीर रचना विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और वास्तुकला जैसे कई विषयों में महारत हासिल की थी।