Page Loader
बंजी जंपिंग के दौरान हवा में रस्सी खुलने से ज़मीन पर गिरा व्यक्ति, देखें वीडियो वायरल

बंजी जंपिंग के दौरान हवा में रस्सी खुलने से ज़मीन पर गिरा व्यक्ति, देखें वीडियो वायरल

Jul 26, 2019
06:36 pm

क्या है खबर?

बंजी जंपिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी रोमांचक चीज़ करने वाले लोगों का सबसे बड़ा डर ऊपर से गिरने का होता है। अगर ऐसा हुआ तो सच में यह किसी भयानक सपने से कम नहीं होगा। हालाँकि, ऐसा अक्सर नहीं होता। लेकिन पोलैंड में एक बंजी जंपर के साथ ऐसी भयानक घटना घटी है। दरअसल, यह जंपर 100 मीटर की ऊँचाई से गिडेनिया के एक पार्क में स्टंट करने की कोशिश कर रहा था और नीचे गिर गया।

वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो

घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में क्रेन से व्यक्ति को आसमान में उठाया हुआ देखा जा सकता है। जब उसे लगता है कि अब इस ऊँचाई से कूदना चाहिए और वह कूद जाता है, तभी हवा में ही उसकी रस्सी खुल जाती है और वह तेज़ी से ज़मीन पर गिरने लगता है। घटना का वीडियो देखकर कई लोग हैरान हैं।

हादसा

रीढ़ की हड्डी टूटने के साथ कई जगहों पर आई है चोट

बता दें कि सुरक्षा की दृष्टि से ज़मीन पर पहले से ही हवा से भरा बड़ा सा कुशन रखा था, लेकिन कुशन पर गिरते ही व्यक्ति उछलकर बाहर गिर गया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के जाँच के बाद बताया कि व्यक्ति के रीढ़ की हड्डी टूट गई है और आंतरिक अंगों के साथ कई जगह चोट आई है। हालाँकि, रीढ़ की हड्डी ज़्यादा नहीं टूटी है, इसलिए वह जल्दी ही चलने-फिरने में सक्षम हो जाएगा।

जाँच

घटना की जाँच कर रही है पुलिस

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पुलिस जाँच में जुट गई है। बंजी क्लब के जिन कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था, उनसे घटना के कारणों को जानने के लिए पूछताछ भी की जा रही है। इसी बीच बंजी क्लब ने अपने अधिकारिक फेसबुक पेज पर एक मैसेज भी पोस्ट किया है, जिसमें लिखा है 'दुर्भाग्यपूर्ण छलाँग के प्रतिभागी का स्वास्थ्य ठीक है और उसे अब कोई ख़तरा नहीं है।'

फेसबुक पोस्ट

बंजी क्लब का फेसबुक पोस्ट

जानकारी

बिना सुरक्षा उपायों के बंजी जंपिंग करने से जा सकती है जान

बंजी जंपिंग एक रोमांचक खेल है और कई लोग इसका मजा भी लेते हैं। हालाँकि, अगर इसे उचित सुरक्षा उपायों के साथ न आज़माया जाए, तो इसमें व्यक्ति की जान भी जा सकती है। इसलिए, इसे करने से पहले सौ बार सोचें।