Page Loader
17 सालों से गुफा में रह रहा था पुलिस की गिरफ्त से भागा अपराधी, पकड़ा गया

17 सालों से गुफा में रह रहा था पुलिस की गिरफ्त से भागा अपराधी, पकड़ा गया

Oct 01, 2019
09:24 pm

क्या है खबर?

अपराध करने के बाद जेल की सज़ा होती है, लेकिन कई लोग इतने शातिर होते हैं कि जेल से भी भाग जाते हैं और छिपकर अपना जीवन बिताते हैं। हाल ही में एक ऐसा ही मामला चीन में देखा गया है, यहाँ एक अपराधी 17 सालों से पुलिस की नज़रों से छिपकर सुदूर पहाड़ी इलाक़े की एक गुफा में रह रहा था। हालाँकि, जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो वापस जेल भेज दिया। आइए जानें।

सज़ा

महिलाओं और बच्चों की तस्करी के आरोप में सुनाई गई थी सज़ा

जानकारी के अनुसार, एक भगौड़ा पिछले 17 सालों से चीन में पुलिस की गिरफ़्त से भाग रहा था। वह बचकर एक पहाड़ी गुफा में छिपा हुआ था। सॉंग जियांग नाम के व्यक्ति को महिलाओं और बच्चों की तस्करी के आरोप में जेल की सज़ा सुनाई गई थी, जहाँ से वह 2002 में भाग गया। 63 वर्षीय जियांग ने ख़ुद को समाज से काट लिया था और अपने गृह प्रांत के यून्नान पहाड़ी में घर बनाकर रहता था।

जीवनचर्या

सालों से पत्थर के बेड पर सोता था

राज्य की मीडिया रेपोर्टों के अनुसार, वह प्लास्टिक की बोतलों से नदी का पानी इकट्ठा करता था और आग जलाने के लिए पेड़ की शाखाओं का इस्तेमाल करता था। इसी वजह से वह इतने सालों तक जीवित रह पाया। सोने के लिए वह गुफा के पीछे खुरदरे पत्थरों से बने एक बेड का इस्तेमाल करता था। वहीं, खाना बनाने के लिए जियांग पुराने बर्तनों का इस्तेमाल करता था और खुली आग पर अपना खाना बनाता था।

खोज

टिप मिलने के बाद की गई जियांग की खोज

बता दें, इतने सालों तक लोगों से दूर रहने की वजह से जब वह अधिकारियों को मिला, तो वह सही से बात भी नहीं कर पा रहा था। यांगशान पुलिस ने अपने WeChat अकाउंट पर ख़ुलासा किया कि इस महीने की शुरुआत में एक टिप के माध्यम से उसकी संभावित लोकेशन का पता चलने के बाद उसकी खोज की गई। टिप मिलने के बाद पुलिस ने पहाड़ों में जियांग के ठिकाने की खोज की, लेकिन कोई ख़ास कामयाबी नहीं मिली।

जानकारी

ड्रोन की मदद से हुई जियांग की खोज

इसके बाद पुलिस ने उसे खोजने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया। ड्रोन ने आख़िरकार एक स्टील टाइल और एक दूरदराज़ स्थान पर कुछ घरेलू चीज़ों को स्पॉट किया। इसके बाद पुलिस वहाँ तक पैदल गई और जियांग को गुफा में छिपा हुआ देखा।