Page Loader
आयरलैंड: डॉक्टर्स ने 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट और आंत से निकाली 55 बैटरियां
आयरलैंड के डबलिन में महिला के पेट से निकलीं 55 बैटरियां (प्रतीकात्मक तस्वीर)

आयरलैंड: डॉक्टर्स ने 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट और आंत से निकाली 55 बैटरियां

लेखन गौसिया
Sep 20, 2022
11:10 pm

क्या है खबर?

आयरलैंड के डबलिन में गुरुवार को एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला के पेट में काफी दर्द हो रहा था इसलिए उसने डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने महिला की जांच के बाद एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए कहा। जिसकी रिपोर्ट देखकर खुद डॉक्टर भी हैरान रह गए। रिपोर्ट में महिला के पेट में 55 बैटरियां निकली, जिसके बाद महिला का ऑपरेशन किया गया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

ऑपरेशन

बुजुर्ग महिला के पेट से 55 बैटरी कैसे निकाली गईं?

आयरिश मेडिकल जर्नल में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट में दर्द होने की वजह से वो सेंट विंसेंट यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में चेकअप करवाने पहुंचीं। रिपोर्ट में पता चला कि महिला के पेट और आंत से 55 बैटरियां हैं, जिन्हें महिला ने जानबूझकर निगला था। महिला के शरीर से 46 बैटरियों को ऑपरेशन करके, पांच बैटरियां प्राकृतिक तरीके से और बाकी की चार बैटरियों को मलद्वार से बाहर निकाला गया है।

बैटरी

अब तक का 'पेट में सबसे ज्यादा मौजूद बैटरी' होने वाला मामला

महिला के पेट से जो बैटरी निकाली गईं हैं वो आमतौर पर दीवार वाली घड़ी या फिर रिमोट में इस्तेमाल होने वाली बैटरी हैं। एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट में जब बैटरी का पता चला तो डॉक्टरों के भी होश उड़ गए थे क्योंकि ये अब तक का 'पेट में मौजूद सबसे ज्यादा बैटरी' होने वाला मामला है। इस मामले के बारे में पता चलते ही डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने की योजना बनाई थी।

कारण

खुद को नुकसान पहुंचाना चाहती थी महिला

डॉक्टरों के मुताबिक, महिला ने खुद को नुकसान पहुंचाने के लिए बैटरी खाई थी। उन्होंने सोचा कि वो मल के रास्ते से बैटरी को निकाल देंगी, लेकिन वो पेट में ही इकट्ठा होती चली गई। इस वजह से उनकी हालत ज्यादा खराब हुई। पहले हफ्ते में महिला ने पांच बैटरी को निगल लिया था, जो महिला के पेट में अटक गई। उसके वजन के कारण महिला के पेट में असहनीय दर्द शुरू हो गया था।

परिजन

महिला के पेट में असहनीय दर्द के बाद परिजनों को मिली जानकारी

मामले के बारे में महिला के परिजनों को भी मालूम नहीं था, लेकिन पेट में असहनीय दर्द शुरू होने के बाद महिला ने खुद जाकर परिजनों को इसके बारे में जानकारी दी। अब इलाज के बाद महिला पूरी तरह से ठीक हो चुकी है। महिला ने सोचा था कि वो मल के रास्ते से बैटरी निकाल देंगी लेकिन बैटरी पेट में ही जाकर अटक गई। इसके बावजूद भी वो बैटरी निगलती रहीं थीं।

जानकारी

ऐसी स्थिति में अक्सर पेट की संरचना खराब हो जाती हैं- डॉक्टर

डॉक्टरों के मुताबिक, आमतौर पर ठोस चीजों से पाचन क्षेत्र अवरुद्ध हो जाता है, लेकिन महिला को बैटरियों की वजह से ऐसा कुछ नहीं हुआ। पेट में मौजूद 55 बैटरियों का वजन ज्यादा होने के बावजूद भी महिला के पेट की संरचना बिल्कुल ठीक है।

अन्य मामला

जोधपुर में एक युवक ने 63 सिक्के निगल लिए थे

इससे पहले राजस्थान के जोधपुर में रहने वाले 36 वर्षीय युवक ने 63 सिक्के निगल लिए थे। पेट में दर्द शुरू हुआ तो वो मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचा और जांच करवाया। वहां पर मौजूद डॉक्टर भी युवक की रिपोर्ट देखकर हैरान रह गए जिसमें उसके पेट के अंदर सिक्के ही सिक्के दिख रहे थे। इसके बाद डॉक्टरों ने युवक का ऑपरेशन किया और सिक्के बाहर निकाल दिए। बता दें कि अब वो युवक बिल्कुल ठीक है।