Page Loader
बिहार: महिला को सांप ने काटा, पति सांप और पत्नी दोनों को अस्पताल लाया
बिहार में महिला को सांप ने काटा पति सांप को लेकर अस्पताल पहुंचा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बिहार: महिला को सांप ने काटा, पति सांप और पत्नी दोनों को अस्पताल लाया

लेखन गजेंद्र
Jul 10, 2024
11:00 am

क्या है खबर?

बिहार के भागलपुर में एक महिला को बुधवार सुबह एक सांप ने काट लिया। घटना के बाद चिंतित पति सांप और पत्नी दोनों को अस्पताल ले आया। मामला सबौर थाना क्षेत्र के झुरखुरिया गांव का है। यहां 29 वर्षीय निशा कुमारी सफाई कर रही थीं, तभी उनको सांप ने डंस लिया था। निशा के चिल्लाने पर उनके पति राहुल वहां पहुंचे। निशा ने बताया कि सांप तस्वीर के पीछे छिपा है, जिसे राहुल ने लकड़ी से उठाकर बाल्टी में रखा।

घटना

डॉक्टर को दिखाया सांप, बोले- इसी ने काटा है

राहुल अपनी पत्नी निशा को मोटरसाइकिल में बैठाकर सीधे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने सांप की बाल्टी को भी बाइक पर लटका लिया। अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचते ही राहुल ने डॉक्टरों को बाल्टी खोलकर सांप दिखाया और बताया कि इसी सांप के काटने से उनकी पत्नी बेहोश हुई हैं। सांप को देखने के लिए अस्पताल में भीड़ लग गई। डॉक्टरों ने निशा का इलाज शुरू कर दिया है, वह अस्पताल में ही भर्ती हैं।

सांप

चिकित्सक ने सांप की प्रजाति सांकरा बताई

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, डॉक्टरों ने सांप की प्रजाति सांकरा बताई है। यह प्रजाति खतरनाक बताई जाती है। फिलहाल निशा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि जहर उतारने की दवा दे दी गई है। निशा को अभी कुछ दिन के लिए अस्पताल में रखा जाएगा। डॉक्टरों ने सांप को भी अस्पताल में ही रखा है।