Page Loader
जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड: ब्रायन बेनेट ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया, जानिए आंकड़े
ब्रायन बेनेट ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया (तस्वीर: एक्स/@ZimCricketv)

जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड: ब्रायन बेनेट ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया, जानिए आंकड़े

Feb 14, 2025
05:02 pm

क्या है खबर?

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के ब्रायन बेनेट ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हरारे में खेले जा रहे सीरीज के पहले वनडे में शतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक रहा। यह उनके लिस्ट-A करियर में भी पहली शतकीय पारी रही। इस बीच उन्होंने बेन कर्रन (28) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही बेनेट की शतकीय पारी 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेनेट और कर्रन ने 95 रन की साझेदारी की। इस बीच बेनेट ने सिर्फ 52 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 21 वर्षीय बेनेट ने आयरिश गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 117 गेंदों पर अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 163 गेंदों पर 20 चौकों और 3 की मदद से 169 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कप्तान क्रैग इरविन के साथ मिलकर 136 रन की साझेदारी भी की।

जानकारी

जिम्बाब्वे से दूसरे सबसे युवा शतकवीर बने बेनेट 

बेनेट ने 21 साल, 96 दिन की उम्र में ये शतक लगाया। वह जिम्बाब्वे की ओर से दूसरे सबसे युवा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ एसएम इरविन (21 साल, 49 दिन) हैं।

बेनेट

बेनेट ने जिम्बाब्वे की ओर से बनाया 5वां सबसे बड़ा स्कोर  

बेनेट अब जिम्बाब्वे की ओर से वनडे प्रारूप में 5वें सबसे बड़े स्कोर वाले बल्लेबाज बन गए हैं। बता दें कि जिम्बाब्वे की ओर से चार्ल्स कोवेंट्री के नाम पर सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी (194* रन बनाम बांग्लादेश क्रिकेट टीम, 2009) खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। कोवेंट्री के बाद जिम्बाब्वे की इस सूची में हैमिलटन मास्कादजा (178*), सीन विलियम्स (174) और क्रेग विशार्ट (172*) के नाम शामिल हैं।

जानकारी

ऐसा रहा है बेनेट का वनडे करियर 

बेनेट ने अपने युवा वनडे करियर में अब तक 7 पारियों में 35.57 की औसत और लगभग 100 की स्ट्राइक रेट के साथ 249 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक लगाया हुआ है।

जिम्बाब्वे 

जिम्बाब्वे ने खड़ा किया बड़ा लक्ष्य 

बेनेट के शतक की मदद से जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों के बाद 5 विकेट खोकर 299 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से बेनेट के अलावा कप्तान क्रैग इरविन ने 61 गेंदों पर 66 रन की पारी खेली। आयरलैंड की ओर से मार्क अडायर ने अपने 10 ओवर के कोटे में 55 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए। आयरिश टीम के कई गेंदबाज महंगे साबित हुए।