जिम्बाब्वे बनाम भारत: दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेली जा रही 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (25 जुलाई) को खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी, जबकि सिकंदर रजा की कप्तानी वाली टीम सीरीज में बराबरी करने के इरादे से उतरेगी। ऐसे में आइए इस दूसरे अहम मुकाबले के प्रीव्यू और अन्य सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारी रहा है भारत का पलड़ा
भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2010 में खेला गया था।
अब तक दोनों टीमों के बीच 15 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से भारतीय टीम को 12 में जीत मिली है और 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
जिम्बाब्वे की धरती पर दोनों के बीच अब तक 13 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 10 मैच में जीत मिली है और 3 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन
पहले मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी से टीम को फीर से धमाकेदार पारी की उम्मीद होगी। इसी तरह अभिषेक शर्मा भी बड़ी पारी खेलकर फॉर्म हासिल करना चाहेंगे।
गेंदबाजी की कमान मयंक यादव और प्रिंस यादव के हाथो में रहेगी।
भारत की संभावित एकादश: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा और मयंक यादव।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे की टीम ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज में शिकस्त झेली थी और भारत के खिलाफ पहले मुकाबले में भी हार का सिलसिला जारी रहा।
ऐसे में टीम पिछली गलतियों से सबक लेकर दूसरे मुकाबले में उम्दा प्रदर्शन करना चाहेगी। कप्तान रजा उपयोगी भूमिका निभाना चाहेंगे।
जिम्बाब्वे की संभावित एकादश: ब्रायन बेनेट, बेन कर्रन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, तादिवानाशे मरुमानी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहूरी, ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारावा।
पिच
कैसा है हरारे की पिच का मिजाज?
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच टी-20 क्रिकेट में संतुलित मानी जाती है।
यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग और उछाल मिल सकती है, जबकि बल्लेबाजों को अच्छे शॉट खेलने के लिए समय मिलता है।
जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी होने लगती है और स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।
इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 155 रन है। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है।
जानकारी
कैसा रहेगा हरारे का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, हरारे में मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इससे दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिल सकता है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
भारत के लिए ईशान किशन ने पिछले 10 मैचों में 150.28 की स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 8 मैचों में 43.17 की औसत से 259 रन बनाए हैं।
जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 10 मैचों में 394 और सिंदर राज ने 10 मैचों में 261 रन बनाए हैं।
भारत के लिए प्रिंस यादव ने 5 मैचों में 7 विकेट चटकाए हैं। जिम्बाब्वे के लिए मुजरबानी ने 10 मैचों में 19 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मैच?
दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 25 जुलाई को शाम 4:30 बजे से हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। इस टी-20 मैच का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप पर उपलब्ध रहेगी।