जिम्बाब्वे बनाम बांग्लादेश: यासिर अली ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया अपना पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टी-20 मैच में 32 रन से शिकस्त मिली। बुलवायो में खेले गए इस मैच में मेजबान टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 170/6 का स्कोर बनाया। चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेशी टीम 138 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की ओर से यासिर अली ने अर्धशतक (54) लगाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
यासिर ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 34 रन के स्कोर पर जब अपना तीसरा विकेट खोया, तब यासिर अली क्रीज पर आए।
उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह 38 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए।
उन्होंने मेहदी हसन (19) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की।
आंकड़े
यासिर ने लगाया अपना पहला अर्धशतक
2022 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले यासिर ने अब तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें 20.22 की औसत के साथ 182 रन बनाए हैं। इस बीच उनकी स्ट्राइक रेट 142.18 की रही है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे से सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 44 रन बनाए। इसके बाद डियॉन मायर्स (20), सिकंदर रजा (20) और रयान बर्ल (30*) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम को 170/6 के स्कोर तक पहुंचाया।
बांग्लादेश से नाहिद राणा ने 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 34 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए।
लगातार गिर रहे विकेटों के बीच यासिर ने अर्धशतक (54) लगाया। जिम्बाब्वे से रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4-4 विकेट लिए।