जिम्बाब्वे बनाम बांग्लादेश: रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी ने पहले टी-20 में लिए 4-4 विकेट
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 मैच में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 32 रन से हराया। बुलवायो में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते बांग्लादेश की टीम सिर्फ 138 रन पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की जीत में रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी की अहम भूमिका रही। इन गेंदबाजों ने 4-4 विकेट लिए। आइए इन गेंदबाजों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
सबसे सफल गेंदबाज रहे मुजरबानी
जिम्बाब्वे की ओर से मुजरबानी सबसे सफल गेंदबाज रहे।
उन्होंने अपने 4 ओवर में 4.20 की इकॉनमी रेट के साथ 17 रन देते हुए 4 विकेट लिए। उन्होंने एक ओवर मेडेन भी किया।
जिम्बाब्वे के इस प्रमुख तेज गेंदबाज ने 97 पारियों में 20.72 की औसत और 7.20 की इकॉनमी रेट के साथ 110 विकेट लिए।
उन्होंने दूसरी बार मैच में 4 विकेट लिए। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 4 विकेट ले चुके थे।
जानकारी
मुजरबानी ने रजा को पीछे छोड़ा
मुजरबानी अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जिम्बाब्वे की ओर से दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने रजा (107) को पीछे छोड़ा है। मुजरबानी से ज्यादा विकेट सिर्फ नगारवा ने लिए हैं।
नगारवा
नगारवा ने जिम्बाब्वे में पूरे किए अपने 50 विकेट
नगारवा ने अपने 4 ओवर के कोटे में 6.50 की इकॉनमी रेट से 26 रन देते हुए 4 विकेट लिए।
उन्होंने तंजीद हसन तमीम और सैफ हसन के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया।
अब नगारवा के 92 पारियों में 20.86 की औसत और 7.40 की इकॉनमी रेट के साथ 118 विकेट लिए। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा।
उन्होंने जिम्बाब्वे में अपने 50 विकेट भी पूरे किए।
लेखा-जोखा
जिम्बाब्वे ने इस तरह से दर्ज की जीत
जिम्बाब्वे से सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 44 रन बनाए।
इसके बाद डियॉन मायर्स (20), सिकंदर रजा (20) और रयान बर्ल (30*) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम को 170/6 के स्कोर तक पहुंचाया। बांग्लादेश से नाहिद राणा ने 4 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 34 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए।
लगातार गिर रहे विकेटों के बीच यासिर अली ने अर्धशतक (54) लगाया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।