जिम्बाब्वे ने पहले टी-20 में बांग्लादेश को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 मैच में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 32 रन से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में बढ़त बनाई। बुलवायो में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले खेलते हुए 170/6 का स्कोर बनाया। जवाब में बांग्लादेश की टीम 138 रन पर ही सिमट गई। अब सीरीज का दूसरा मैच 17 जुलाई को खेला जाएगा। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे से सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 44 रन बनाए।
इसके बाद डियॉन मायर्स (20), सिकंदर रजा (20) और रयान बर्ल (30*) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
बांग्लादेश से नाहिद राणा ने 4 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 34 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए।
लगातार गिर रहे विकेटों के बीच यासिर अली ने अर्धशतक (54) लगाया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
गेंदबाजी
नाहिद राणा ने की घातक गेंदबाजी
अपनी तेज गति के लिए मशहूर नाहिद ने विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज तादिवानाशे मारुमानी (14) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला।
उसके बाद बांग्लादेशी तेज गेंदबाज ने बेनेट को पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने पारी के 18वें ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर उन्होंने मिल्टन शुम्बा (11) और ताशिंगा मुसेकिवा (0) को पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने अपने 4 ओवर में 26 रन देते हुए ये 4 विकेट लिए।
अर्धशतक
यासिर अली ने लगाया अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 34 रन के स्कोर पर जब अपना तीसरा विकेट खोया, तब यासिर अली क्रीज पर आए।
उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया।
वह 38 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए।
उन्होंने मेहदी हसन (19) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की।
रिचर्ड नगारवा
रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी ने लिए 4-4 विकेट
जिम्बाब्वे की जीत में रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी ने अहम भूमिका निभाई।
नगारवा ने 6.50 की इकॉनमी रेट के साथ 26 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की।
वहीं, मुजरबानी ने 4.20 की इकॉनमी रेट से 17 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। उन्होंने एक ओवर मेडन भी किया।
शुम्बा ने 1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 4 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की।
रजा कोई विकेट नहीं ले सके।