जिम्बाब्वे की इन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में रनों के लिहाज से मिली है सबसे बड़ी हार
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 90 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। भारत ने ईशान किशन (81) और तिलक वर्मा (60*) के अर्धशतकों की मदद से निर्धारित 20 ओवर के बाद 219/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में मेजबान टीम 129 रन पर ही सिमट गई। यह जिम्बाब्वे की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रनों के लिहाज से चौथी सबसे बड़ी हार है।
#1
साल 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 107 रन की हार
जिम्बाब्वे को टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार टी-20 विश्व कप 2026 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ मिली थी।
मुंबई में खेले गए उस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिमरोन हेटमायर (85) की पारी की मदद से 254/6 का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई थी। ऐसे में उसे मुकाबले में 107 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी।
#2
साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 रन की हार
जिम्बाब्वे को रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी हार साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मिली थी।
हरारे में खेले गए उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान आरोन फिंच (172) की धमाकेदार शतकीय पारी की मदद से 229/2 का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 129/9 का स्कोर ही बना पाई थी।ऐसे में उसे मुकाबले में 100 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी।
#3
साल 2024 में भारत के खिलाफ 100 रन की हार
जिम्बाब्वे को रनों के लिहाज से तीसरी सबसे बड़ी हार साल 2024 में भारतीय टीम के खिलाफ ही मिली थी।
हरारे में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा (100) की धमाकेदार शतकीय पारी की मदद से 234/2 का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 18.4 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। इस तरह से उसे मुकाबले में 100 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी।
#4
साल 2026 में भारत के खिलाफ 90 रन की हार
जिम्बाब्वे को रनों के लिहाज से चौथी सबसे बड़ी हार शनिवार को हरारे में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम के खिलाफ ही मिली है।
मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन (81) और तिलक वर्मा (60*) के अर्धशतकों की मदद से 219/5 का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। भारत से अभिषेक ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए।