जिम्बाब्वे ने पहले वनडे में बांग्लादेश को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को पहले वनडे मुकाबले में 25 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया यह मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। जिम्बाब्वे 141 रन पर सिमट गई थी। जवाब में छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश कोई चुनौती पेश नहीं कर पाई और सिर्फ 116 रन ही बना पाई। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला सही साबित हुआ और जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज मैच में 40 रन भी नहीं बना पाया। न्यूमैन न्यामहुरी ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए नाहिद राणा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम से कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। जिम्बाब्वे के सभी गेंदबाजों का मैच में अच्छा प्रदर्शन रहा।
विकेट
नाहिद ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में ही लिया 5 विकेट हॉल
नाहिद ने 10 ओवर में 2 मेडन के साथ 21 रन देकर 6 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 2.10 की रही। हालांकि, इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम को जीत नहीं मिल पाई। वनडे क्रिकेट में उनका तीसरा 5 विकेट हॉल रहा। जिम्बाब्वे के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अपने पहले मैच में ही 5 विकेट हॉल लिया। ये उनके वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। उन्होंने 14 पारियों में 19.70 की औसत से 31 विकेट चटकाए हैं।
सर्वश्रेष्ठ
वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश के गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
नाहिद ने वनडे में किसी भी बांग्लादेशी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया है। उन्होंने साल 2006 में केन्या क्रिकेट टीम के खिलाफ 26 रन देकर 6 विकेट लेने वाले मशरफे मुर्तजा और 2013 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 26 रन देकर 6 विकेट लेने वाले रुबेल हुसैन का रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में इन गेंदबाजों के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 35 रन देकर 6 विकेट लेने वाले रिशाद हुसैन हैं।
उपलब्धि
नाहिद ने ये उपलब्धि भी की हासिल
नाहिद ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। वह वनडे क्रिकेट में सबसे कम मैचों में 3 बार 5 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए। नाहिद ने यह उपलब्धि अपने 14वें वनडे में हासिल की। इस मामले में बांग्लादेश के मुस्तफिजुर 9 मैचों के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के रयान हैरिस (16), श्रीलंका के अजंथा मेंडिस (17) और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क (17) का नाम उनके बाद आता है।
जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का ऐसा रहा प्रदर्शन
जिम्बाब्वे के लिए रिचर्ड नगरावा ने 7.1 ओवर में एक मेडन के साथ 31 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 4.30 की रही। ब्लेसिंग मुजरबानी ने 10 ओवर में एक मेडन के साथ 24 रन देकर 2 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 2.40 की रही। ब्रैड इवांस ने 2 मेडन फेंके और 34 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 3.40 की रही। न्यूमैन न्यामहुरी ने 6 ओवर में 2 मेडन के साथ 22 रन देकर 2 विकेट लिए।