LOADING...
जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को एकमात्र टेस्ट में पारी और 85 रन से हराया, ये रिकॉर्ड्स बने
जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन किया (तस्वीर: एक्स/@ZimCricketv)

जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को एकमात्र टेस्ट में पारी और 85 रन से हराया, ये रिकॉर्ड्स बने

Jun 30, 2026
05:28 pm

क्या है खबर?

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को एकमात्र टेस्ट में पारी और 85 रन से हरा दिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश की दूसरी पारी सिर्फ 185 रन पर समाप्त हो गई। ये टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में जिम्बाब्वे की सबसे बड़ी जीत भी साबित हुई। इससे पहले उसने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को साल 2025 में पारी और 73 रन से हराया था। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बांग्लादेश की पहली पारी 140 रन पर समाप्त हो गई। शादमान इस्लाम ने 60 रन बनाए। न्यूमैन न्यामहुरी ने 4 विकेट चटकाए। जवाब में जिम्बाब्वे ने इनोसेंट काइया (140), वेस्ली मधेवेरे (77), क्रेग एर्विन (60) और ब्रायन बेनेट (59) की पारियों की मदद से 410 रन बना दिए। तैजूल इस्लाम ने 7 विकेट लिए। बांग्लादेश के बल्लेबाज दूसरी पारी में कुछ खास नहीं कर पाए और 185 रन ही बना पाए।

रिकॉर्ड

25 साल बाद जिम्बाब्वे ने किया ये कारनामा 

जिम्बाब्वे ने 25 साल से अधिक समय बाद लगातार 2 टेस्ट मैच जीते हैं। अपने पिछले टेस्ट में उसने अफगानिस्तान को पारी और 73 रन से हराया था। इससे पहले जिम्बाब्वे ने अप्रैल 2001 में बांग्लादेश को 2 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। कुल मिलाकर यह केवल तीसरी बार है, जब टीम ने लगातार 2 टेस्ट मुकाबले अपने नाम किए हैं। 1998 में भारत और पाकिस्तान के खिलाफ टीम ने लगातार 2 टेस्ट जीते थे।

Advertisement

शतकीय

काइया ने जड़ा अपना पहला टेस्ट शतक 

काइया ने जिम्बाब्वे की पहली पारी में 227 गेंदों का सामना किया और 140 रन बनाए। उनके बल्ले से 17 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 61.67 की रही। ये उनके टेस्ट करियर का पहला ही शतक रहा। उन्होंने अब तक 3 मुकाबले खेले हैं और इसकी 5 पारियों में 62.40 की औसत से 312 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है। 140 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।

Advertisement

5 विकेट

19वीं बार तैजुल ने लिया 5 विकेट हॉल 

तैजुल ने जिम्बाब्वे की पहली पारी में 40.2 ओवर गेंदबाजी की और एक मेडन के साथ 138 रन देकर 7 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 3.40 की रही। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 19वीं बार 5 विकेट हॉल लिया। अब तक इस खिलाड़ी ने 60 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 107 पारियों में 30.21 की औसत से 270 विकेट लिए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ तैजुल ने 9 मैचों की 17 पारियों में 21.52 की औसत से 58 विकेट लिए हैं।

Advertisement