Page Loader
टी-20 टीम में युजवेंद्र चहल को नहीं मिला मौका, जानिए कैसे हैं उनके आंकड़े
युजवेंद्र चहल को भारतीय टीम में मौका नहीं मिला है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 टीम में युजवेंद्र चहल को नहीं मिला मौका, जानिए कैसे हैं उनके आंकड़े

Nov 21, 2023
11:34 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। सूर्यकुमार यादव टीम के कप्तान होंगे। वनडे विश्व कप 2023 के बाद इस टीम में भी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को नहीं चुना गया है। वह पिछले काफी दिनों से टी-20 टीम का हिस्सा रहे थे। वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई के रूप में 3 स्पिन गेंदबाज टीम में हैं। ऐसे में आइए चहल के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

आंकड़े

चहल के इस साल आंकड़े नहीं रहे हैं खास 

साल 2023 में चहल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने भारत के लिए 9 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 28.11 की औसत से सिर्फ 9 विकेट ले पाए हैं। उनकी इकॉनमी (8.72) तो बेहद खराब रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/19 का रहा है। साल 2022 की बात करें तो उन्होंने 21 मैच में 23.30 की औसत से 23 विकेट लिए थे। पिछले साल उनकी इकॉनमी 7.71 की रही थी। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/20 का रहा था।

टी-20

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैसा रहा है चहल का प्रदर्शन?

चहल ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में पहला मुकाबला साल 2017 में खेला था। उन्होंने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं। इसकी 10 पारियों में 40.00 की औसत से सिर्फ 8 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। उनकी इकॉनमी रेट कंगारू टीम के खिलाफ 8.93 की रही है। वह एक बार भी 4 विकेट हॉल या 5 विकेट हॉल नहीं ले पाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/25 का रहा है।

सरजमीं

भारतीय सरजमीं पर कैसे हैं चहल के आंकड़े?

भारतीय सरजमीं पर चहल ने 39 टी-20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 22.75 की औसत से 49 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.19 की रही है। चहल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/25 का रहा है। इस खिलाड़ी ने भारत में 2 बार 4 विकेट हॉल 1 बार 5 विकेट हॉल लिया है। चहल 2021 के टी-20 विश्व कप का हिस्सा नहीं थे। साल 2022 के विश्व कप में उन्हें मौका मिला, लेकिन वह 1 भी मैच नहीं खेल पाए।

करियर

कैसा रहा है चहल का टी-20 करियर?

चहल ने भारत के लिए पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2016 में खेला था। उन्होंने यह मुकाबला जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 80 टी-20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 25.09 की औसत से 96 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.19 की रही है। चहल ने अपने टी-20 करियर में 2 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/25 का रहा है।