युजवेंद्र चहल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से लिया संन्यास, भारतीय टीम में वापसी की जताई इच्छा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ये घोषणा की। चहल भारत की ओर से कभी टेस्ट मैच नहीं खेल सके और उनका यह सपना अधूरा ही रह गया। वह हाल ही में काउंटी चैंपियनशिप में नॉर्थहैम्पटनशायर की टीम से प्रथम श्रेणी मैच में खेलते हुए नजर आए थे चहल ने स्पष्ट किया कि वह सफेद गेंद से खेलना जारी रखेंगे।
पोस्ट
चहल ने इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट
चहल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'मैंने जो पहली क्रिकेट बॉल पकड़ी थी, वह लाल रंग की थी। मैं 10 साल का था और मुझे तब अंदाजा भी नहीं था कि मुझे इस खेल से इतना गहरा लगाव हो जाएगा। मेरे लिए रेड-बॉल क्रिकेट कभी भी सिर्फ एक और प्रारूप नहीं था। इसी प्रारूप में मैंने घंटों तक मैदान पर डटे रहकर हर रन और हर विकेट के लिए संघर्ष करने की असली खुशी को समझा।'
पोस्ट
भारत से टेस्ट खेलने का सपना रहा अधूरा- चहल
चहल ने आगे लिखा, 'मैंने अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच लॉर्ड्स में खेला। यह कहते हुए भावुकता महसूस होती है क्योंकि टेस्ट कैप पहनना हमेशा से मेरा सपना रहा था, एक ऐसा सपना जिसे मैंने कई सालों तक संजोकर रखा। भले ही वह सपना पूरा न हो सका, लेकिन मैं अपने इस सफर से सचमुच संतुष्ट हूं और इस प्रारूप में मिले हर मौके के लिए बेहद आभारी हूं।'
वापसी
भारतीय टीम में वापसी की जताई इच्छा
चहल ने फिर से भारतीय टीम में वापसी की इच्छा जताई।
उन्होंने आगे लिखा, 'अपने देश के लिए खेलने की भूख अभी भी मुझमें जबरदस्त है। मुझे यकीन है कि मुझमें अभी भी क्रिकेट बाकी है। वनडे और टी-20 प्रारूप में एक और मौका पाने के लिए मैं अपनी पूरी जान लगा दूंगा।'
वह आखिरी बार अगस्त 2023 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में खेलते हुए नजर आए थे।
आंकड़े
चहल ने खेले 49 प्रथम श्रेणी मैच
चहल ने 2009 में हरियाणा की ओर से अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने 49 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.27 की औसत के साथ 148 विकेट लिए। इस बीच पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 44 रन देते हुए 6 विकेट लेना रहा।
उन्होंने भारत की ओर से 72 वनडे में 27.13 की औसत के साथ 121 विकेट चटकाए हैं।
उन्होंने 80 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 25.09 की औसत से 96 विकेट लिए।