इंग्लैंड के वनडे कप में युजवेंद्र चहल का धमाकेदार प्रदर्शन जारी, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
अनुभवी भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड की प्रमुख लिस्ट-A प्रतियोगिता वनडे कप में शानदार फॉर्म जारी रखा है। रविवार (9 अगस्त) को नॉर्थम्पटन में समरसेट के खिलाफ नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए चहल ने 3 विकेट चटकाए। उन्होंने 10 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने समरसेट की पूरी टीम 47 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई। ऐसे में आइए टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
मुकाबले
मैच में ऐसी रही चहल की गेंदबाजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए समरसेट 1 विकेट पर 69 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए।
चहल ने मध्यक्रम के बल्लेबाज आर्ची वॉन (18) को अपना पहला शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने जैक लीच और जेक बॉल को पवेलियन भेजा।
जवाब में नॉर्थम्पटनशायर ने 186 रन के लक्ष्य को 30 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत में चहल की गेंदबाजी का अहम योगदान रहा।
टूर्नामेंट
टूर्नामेंट में ऐसा रहा है चहल का प्रदर्शन
चहल ने अब तक 7 मुकाबले खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 21 की औसत के साथ 15 विकेट लिए हैं। उन्होंने 4.56 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है।
चहल ने एक बार 4 विकेट हॉल भी लिया है और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/60 का रहा है।
वह टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
उनसे ज्यादा विकेट केवल डैन डाउथवेट (17) और बेन क्लिफ (18) के नाम है।
बाहर
2023 के बाद भारत के लिए नहीं खेले चहल
चहल लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2023 में खेला था, जब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 मैच में नजर आए थे।
इसके बाद से वह लगातार भारतीय टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन चयनकर्ता उनके प्रदर्शन से प्रभावित नहीं हुए हैं।
चहल 36 साल के हो चुके हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उनके लिए टीम में दोबारा जगह बनाना मुश्किल लग रहा है।
करियर
चहल के करियर पर एक नजर
36 वर्षीय चहल ने अब तक 151 लिस्ट-ए मुकाबलों में 25.30 की औसत से 240 विकेट चटकाए हैं।
उन्होंने अपने लिस्ट-ए करियर में 8 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। उनके नाम 6 बार 5 विकेट हॉल दर्ज है और उनकी इकॉनमी 4.82 की रही है।
चहल ने भारत के लिए 72 वनडे मैचों में 27.13 की औसत से 121 विकेट लिए हैं। वह 5 बार 4 विकेट हॉल और 2 बार 5 विकेट हॉल लेने में सफल रहे हैं।