अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र के डेब्यू करने वाले खिलाड़ी, शीर्ष पर है यह पाकिस्तानी
क्या है खबर?
वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम से सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करते हुए इतिहास रच दिया। 15 वर्षीय सूर्यवंशी को ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू का मौका मिला। इसमें वह 10 गेंदों में 14 रन ही बना सके। इस दौरान उन्होंने 2 शानदार छक्के भी जड़े। आइए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूर्णकालिक टीम के खिलाड़ियों में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं।
#1
हसन रजा (पाकिस्तान) - 14 साल और 227 दिन
सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का रिकॉर्ड पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हसन रजा के नाम दर्ज है। दाएं हाथ के बल्लेबाज रजा ने 1996 में 14 साल और 227 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 14 साल और 233 दिन की उम्र में वनडे डेब्यू भी कर लिया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका करियर खास नहीं रहा। उन्होंने 7 टेस्ट में सिर्फ 235 रन और 16 वनडे मैचों में 242 रन बनाए थे।
#2
वैभव सूर्यवंशी (भारत) - 15 साल और 99 दिन
सूर्यवंशी इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 15 साल और 99 दिन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्ण सदस्य देशों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी के रूप में सचिन तेंदुलकर के 37 साल से चले आ रहे भारतीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया। तेंदुलकर ने 1989 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की आयु में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था।
#3
इन खिलाड़ियों ने भी 16 साल की उम्र से पहले किया डेब्यू
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मोहम्मद शरीफ (15 साल और 116 दिन) और पाकिस्तान के मुश्ताक मोहम्मद (15 साल और 124 दिन) भी अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले अन्य खिलाड़ी हैं। शरीफ ने 2001 से 2007 के बीच 10 टेस्ट और 9 वनडे खेले। उन्होंने बांग्लादेश के लिए 24 विकेट लिए। वहीं, ऑलराउंडर मुश्ताक ने 1959 से 1979 के बीच 57 टेस्ट में 3,643 रन और 10 वनडे में 209 रन बनाए थे। उन्होंने 79 टेस्ट विकेट भी लिए थे।