Page Loader
WWE: कंपनी के इतिहास में पहली बार रेसलमेनिया मेन इवेंट पर लड़ेंगी महिलाएं

WWE: कंपनी के इतिहास में पहली बार रेसलमेनिया मेन इवेंट पर लड़ेंगी महिलाएं

लेखन Neeraj Pandey
Mar 26, 2019
12:05 pm

क्या है खबर?

WWE का सबसे बड़ा पे-पर-व्यू रेसलमेनिया बेहद नजदीक है। साल का सबसे बड़ा शो 7 अप्रैल को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कंपनी के सबसे बड़े सुपरस्टार्स अंडरटेकर, रोमन रेंस और जॉन सीना ने इस इवेंट को कई मौकों पर हेडलाइन किया है। हालांकि, इस बार WWE ने एक ऐसा निर्णय लिया है जिससे इतिहास बनना तय हो गया है। पहली बार रेसलमेनिया के मेन इवेंट में महिलाएं मुकाबला लडेंगी।

रेसलमेनिया 35

रेसलमेनिया 35 में बनेगा इतिहास

WWE ने इस बार के रेसलमेनिया मेन इवेंट के लिए रोंडा राउज़ी बनाम शार्लेट फ्लेयर बनाम बैकी लिंच मुकाबले को चुना है। इससे पहले कंपनी के इतिहास में कभी भी महिलाओं के मुकाबले ने रेसलमेनिया को हेडलाइन नहीं किया है। इस मुकाबले के साथ ही कंपनी इतिहास बनाने को तैयार है। राउज़ी अपने रॉ विमेंस चैंपियनशिप को 'द मैन' और 'द क्वीन' के खिलाफ बचाने 7 अप्रैल को उतरेंगी।

विमेंस रॉयल रंबल

2018 में हुई थी विमेंस रॉयल रंबल की शुरुआत

रॉयल रंबल हर साल WWE का काफी शानदार इवेंट होता है और कंपनी के टॉप सुपरस्टार्स इसमें हिस्सा लेते हैं। 2018 में कंपनी ने एक निर्णय लिया और इतिहास बना दिया। 2018 में पहली बार महिलाओं के लिए भी रॉयल रंबल का आयोजन किया गया। पहली बार हुए विमेंस रॉयल रंबल में कंपनी की टॉप महिला सुपरस्टार्स ने हिस्सा लिया। असुका पहला विमेंस रॉयल रंबल विनर हैं।

WWE

लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है WWE

WWE ने 2016 में महिला डिवीजन को रिब्रांड किया था और उसके बाद से ही इस डिवीजन को खूब पुश दिया जा रहा है। रॉयल रंबल के बाद इस साल महिलाओं के लिए फास्टलेन इवेंट का भी आयोजन कराया गया। रॉ और स्मैकडाउन पर लगातार शानदार मुकाबले लड़े जा रहे हैं। NXT की टॉप टैलेंट्स को मेन रोस्टर पर बुलाया जा रहा है। फिलहाल कंपनी पूरी तरह से महिलाओं को पुरुषों की बराबरी में लाना चाहती है।

प्रोफाइल

मेन इवेंट में लड़ने वाली सुपरस्टार्स का प्रोफाइल

अपने टाइटल को बचाने के लिए उतरने वाली रोंडा राउज़ी पूर्व UFC फाइटर और वर्तमान WWE विमेंस चैंपियन हैं। शार्लेट फ्लेयर को 'द क्वीन' के नाम से जाना जाता है और वह सात बार की WWE विमेंस चैंपियन रह चुकी हैं। बैकी लिंच ने इस साल का रॉयल रंबल जीता है और इसके पहले वह दो बार स्मैकडाउन विमेंस चैंपियन भी रह चुकी थीं। इनके बीच होने वाला हाई-प्रोफाइल मुकाबला बेहद शानदार होने की उम्मीद है।