इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में न्यूजीलैंड की जीत के बाद कैसी है WTC की अंक तालिका?
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सीरीज के दूसरे ओवल टेस्ट में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 253 रन से हराकर जीत दर्ज कर ली। इसके साथ ही मेहमान टीम में सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। इस जीत के साथ ही दोनों टीमों की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, अंत प्रतिशत में उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला है। आइए इस मुकाबले के बाद WTC तालिका पर एक नजर डालते हैं।
परिणाम
न्यूजीलैंड ने इस तरह दर्ज की जीत
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में ग्लेन फिलिप्स (100) के शतक से 391 रन का स्कोर बनाया था। इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में मैट हेनरी की घातक गेंदबाजी (5/80) के सामने 291 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने वाली मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी में हेनरी निकोल्स (121) के शतक से 362 रन का स्कोर खड़ा किया। आखिर में जीत के लिए मिले 463 रन के लक्ष्य को इंग्लिश टीम हासिल नहीं कर सकी।
स्थिति
न्यूजीलैंड ने चौथे स्थान पर मजबूत की अपनी स्थिति
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने WTC अंक तालिका में चौथे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। कीवी टीम ने अब तक 5 मैच खेले हैं, जिसमें से 3 में जीत दर्ज की है और एक मैच ड्रॉ रहा है। उसे लॉर्ड्स टेस्ट में एकमात्र हार का सामना करना पड़ा था, जिससे वह दूसरे पायदान से खिसककर चौथे पर आ गई थी। अब कीवी टीम के तालिका में अंक प्रतिशत (PCT) 58.33 से बढ़कर 66.67 हो गए हैं।
राहत
7वें स्थान पर बरकरार है इंग्लिश टीम
इंग्लिश टीम तालिका में 7वें स्थान पर बरकरार है। उसने इस चक्र में अब तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 में जीत दर्ज करने में सफल रही है और 7 में हार मिली है। इसके अलावा एक मुकाबला ड्रॉ भी रहा है। इंग्लैंड के अब अंक प्रतिशत 37.88 से कम होकर 34.72 रह गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम 8वें और वेस्टइंडीज 9वें स्थान पर है। भारतीय क्रिकेट टीम 48.15 प्रतिशत अंक के साथ छठे स्थान पर है।
अन्य
ऐसी हैं अन्य टीमों की स्थिति
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 87.50 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद है। उसने इस चक्र में 7 टेस्ट जीते हैं और सिर्फ एक में हार झेली है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम 75.00 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। उसने 3 मैच जीते हैं और एक हारा है। श्रीलंकाई टीम ने एक मैच जीता है और एक ड्रॉ खेला है। वह फिलहाल (66.67) तीसरे स्थान पर है। इसी तरह बांग्लादेश टीम (58.33%) 5वें स्थान पर है।