नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की जीत के बाद कैसी है WTC की अंक तालिका?
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में 160 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इसके साथ ही मेहमान टीम ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। 2021 के बाद न्यूजीलैंड ने इग्लैंड में कोई टेस्ट सीरीज जीती है। इस सीरीज में बेन स्टोक्स और केन विलियमसन ने संन्यास भी ले लिया। आइए इस मुकाबले के बाद WTC तालिका पर एक नजर डालते हैं।
जीत
ऐसे मिली न्यूजीलैंड को जीत
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम 114.5 ओवर में 438 रन बनाने में सफल रही। जवाब में इंग्लैंड 88.2 ओवर में 354 रन ही बना पाई। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में डेरिल मिचेल के शतक (100) की मदद से 288/9 का स्कोर बनाया और इंग्लैंड को 373 रन का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड अपनी दूसरी पारी में 212 रन ही बना पाई और मुकाबला हार गई। इंग्लैंड के लिए जेमी स्मिथ ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए।
स्थिति
न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर पहुंची
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने WTC अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। कीवी टीम ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 में जीत दर्ज की है और एक मैच ड्रॉ रहा है। उसे इसी सीरीज में लॉर्ड्स टेस्ट में एकमात्र हार का सामना करना पड़ा था, जिससे वह दूसरे पायदान से खिसककर चौथे पर आ गई थी। अब कीवी टीम के तालिका में अंक प्रतिशत (PCT) 66.67 से बढ़कर 72.22 हो गई है।
बरकरार
7वें स्थान पर बरकरार है इंग्लैंड
इंग्लिश टीम तालिका में 7वें स्थान पर बरकरार है। उसने इस चक्र में अब तक 13 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 में जीत दर्ज करने में सफल रही है और 8 में हार झेली है। इसके अलावा एक मुकाबला ड्रॉ भी रहा है। इंग्लैंड के अब अंक प्रतिशत 37.88 से कम होकर 24.36 रह गए हैं। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम 8वें और पाकिस्तान 9वें स्थान पर है। भारतीय क्रिकेट टीम 48.15 प्रतिशत अंक के साथ पांचवे स्थान पर है।
अन्य
ऐसी है अन्य टीमों की स्थिति
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 87.50 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद है। उसने इस चक्र में 7 टेस्ट जीते हैं और सिर्फ एक में हार झेली है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम 75.00 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। उसने 3 मैच जीते हैं और एक हारा है। श्रीलंकाई टीम ने एक मैच जीता है, एक हारा है और एक ड्रॉ खेला है। वह फिलहाल (44.44) छठे स्थान पर है। इसी तरह बांग्लादेश टीम (58.33) चौथे स्थान पर है।