WTC: इंग्लैंड के खिलाफ धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान को बड़ा झटका, 11 अंक कटे
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 3-0 से सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक और झटका लगा है। एजबेस्टन में खेले गए आखिरी टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए पाकिस्तान पर दोहरी कार्रवाई की गई। उसे 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब जारी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में पाकिस्तान के 11 अंक काटे गए हैं। इसके अलावा, टीम के खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है।
नियम
इस कारण लगा जुर्माना
इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान पाकिस्तान ने 89 ओवर फेंके। समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद टीम निर्धारित लक्ष्य से 11 ओवर पीछे पाई गई।
अनुच्छेद 16.11.2 के तहत निर्धारित ओवरों से प्रत्येक ओवर कम रहने पर टीम के एक अंक काटे जाते हैं।
आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत खिलाड़ियों पर जुर्माना लगा है। इस नियम के मुताबिक, प्रत्येक ओवर कम रहने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
मुश्किल
पाकिस्तान के लिए मुश्किलों से भरा रहा इंग्लैंड का दौरा
पाकिस्तान के लिए यह दौरा पहले से ही मुश्किलों भरा रहा है और अब इन प्रतिबंधों से उसकी परेशानी और बढ़ गई है।
लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट के बाद टीम के 7 खिलाड़ियों को स्वदेश भेज दिया गया था।
इसके अलावा, मुख्य कोच सरफराज अहमद को भी पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह बर्मिंघम में सफेद गेंद के कोच माइक हेसन ने अंतरिम आधार पर टीम की जिम्मेदारी संभाली थी।
खत्म
फाइनल में पहुंचने की संभावन खत्म
WTC की अंक तालिका में सबसे नीचे चल रहे पाकिस्तान की फाइनल में पहुंचने की उम्मीद अब लगभग खत्म हो गई है।
इस चक्र में 9 टेस्ट के बाद उसका अंक प्रतिशत घटकर 4.63 रह गया है। ऐसे में उसके फाइनल में पहुंचने की संभावना भी खत्म होती दिख रही है।
पाकिस्तान को नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज की मेजबानी करनी है। इसके बाद 2027 में न्यूजीलैंड की टीम भी टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी।
शीर्ष
शीर्ष पर मौजूद है ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 80.00 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद है।
कंगारू टीम ने इस चक्र में 8 टेस्ट जीते हैं और 2 में हार झेली है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम 75.00 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।
प्रोटियाज टीम ने 3 मैच जीते हैं और एक में हार का सामना किया है। न्यूजीलैंड की टीम 72.22 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।
कीवी टीम ने 4 मैच जीते हैं और एक में हार झेली है।