Page Loader
WTC फाइनल: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए परेशानी बन सकते हैं मार्नस लाबुशेन, जानिए उनके आंकड़े 
टेस्ट क्रिकेट में मार्नस लाबुशेन कमाल के फॉर्म में हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

WTC फाइनल: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए परेशानी बन सकते हैं मार्नस लाबुशेन, जानिए उनके आंकड़े 

Jun 01, 2023
01:35 pm

क्या है खबर?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दूसरे चक्र के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 7 जून से आपस में भिड़ेंगी। पिछला फाइनल मैच भी इंग्लैंड में खेला गया था, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम खिताब जीतने से चूक गई थी। पैट कमिंस के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया पहली बार फाइनल में पहुंची है। वह अपने प्रमुख बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। लाबुशेन का बल्ला भारत के खिलाफ जमकर बोलता है। आइए उनके आंकड़ो पर नजर डालते हैं।

करियर

पहले जान लेते  हैं कैसा है लाबुशेन का टेस्ट करियर

लाबुशेन ने साल 2018 से 2023 तक ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए 37 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 57.52 की शानदार औसत के साथ 3,394 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 10 शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 215 रन रहा है। लाबुशेन ने अपने इस शानदार टेस्ट करियर में 378 चौके और 10 छक्के भी लगाए हैं। वह 5 बार नॉटआउट रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 54.21 की रही है।

प्रदर्शन

भारत के खिलाफ कैसा रहा है लाबुशेन का प्रदर्शन?

लाबुशेन का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड कमाल का रहा है। उन्होंने साल 2019 में पहली बार भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ कोई टेस्ट मैच खेला था। भारत के विरुद्ध लाबुशेन 9 टेस्ट में 47.20 की शानदार औसत से 708 रन बना चुके हैं। इस बीच वह 108 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 1 शतक और 3 अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने 87 चौके जमाए हैं। हालांकि, वह अब तक भारत के खिलाफ एक भी छक्का नहीं लगा पाए हैं।

गेंदबाज

भारत के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ लाबुशेन का प्रदर्शन 

लाबुशेन और रविचंद्रन अश्विन टेस्ट में 14 मौकों में आमने-सामने हुए है, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 190 रन बनाए हैं। इस बीच दिग्गज भारतीय स्पिनर ने उन्हें 3 बार आउट किया है। मोहम्मद शमी के खिलाफ लाबुशेन ने 7 पारियों में 57 रन बनाए हैं। इस बीच वह 2 बार भारतीय तेज गेंदबाज का शिकार बने हैं। मोहम्मद सिराज के विरुद्ध लाबुशेन ने 8 पारियों में 100 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 2 बार आउट हुए हैं।

wtc

WTC में लाबुशेन का कैसा रहा है प्रदर्शन? 

WTC के दूसरे चक्र में लाबुशेन सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 19 टेस्ट में 53.89 की औसत से 1,509 रन बनाए हैं। इस बीच वह 204 के सर्वोच्च स्कोर के साथ वह 5 शतक और 5 अर्धशतक लगा चुके हैं। इस दौरान लाबुशेन की स्ट्राइक रेट 53.89 की रही है। उन्होंने 2,829 गेंदों का सामना किया है। लाबुशेन अपनी इस शानदार फॉर्म को WTC के फाइनल में भी जारी रखना चाहेंगे।