Loading...
WTC 2027 के फाइनल की तारीख का हुआ ऐलान, जानिए कहां होगा खिताबी मुकाबला
दक्षिण अफ्रीका ने पिछला संस्करण जीता था (फाइल तस्वीर)

WTC 2027 के फाइनल की तारीख का हुआ ऐलान, जानिए कहां होगा खिताबी मुकाबला

Jul 23, 2026
03:37 pm

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 के फाइनल की तारीख और आयोजन स्थल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। खिताबी मुकाबला 9 जून 2027 को शुरू होगा और 13 जून तक चलेगा। ये मुकाबला लंदन के प्रतिष्ठित द ओवल मैदान पर खेला जाएगा। ICC पहले ही 2027, 2029 और 2031 के WTC फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को सौंप चुकी है। किस मैदान पर मुकाबले होंगे, इसका फैसला इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को करना है।

मेजबानी

दूसरी बार मेजबानी करेगा द ओवल

द ओवल दूसरी बार WTC फाइनल की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2023 में इसी मैदान पर खेले गए खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय क्रिकेट टीम को हराया था।

वहीं, 2027 WTC फाइनल में जगह बनाने की दौड़ अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है।

मौजूदा चक्र में शामिल सभी 9 टीमें अभी भी फाइनल का टिकट हासिल करने की होड़ में हैं।

ऐसे में आने वाली टेस्ट सीरीज WTC अंक तालिका के लिहाज से बेहद अहम रहने वाली हैं।

सीरीज

जल्द शुरू होंगी कई अहम टेस्ट सीरीज

WTC 2025-27 चक्र में जुलाई और अगस्त के दौरान कई अहम टेस्ट सीरीज खेली जाएंगी, जिनका अंक तालिका पर बड़ा असर पड़ सकता है।

इसकी शुरुआत 25 जुलाई से होगी, जब वेस्टइंडीज अपने घर में पाकिस्तान के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम 13 अगस्त से बांग्लादेश के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेने वाली है।

वह शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगा।

ADVERTISEMENT

एशिया

श्रीलंका और भारत के बीच होगी टेस्ट सीरीज

क्रिकेट प्रेमियों की नजर इसके बाद 15 अगस्त से शुरू हो रही श्रीलंका और भारत के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज पर होगी।

यह सीरीज दोनों टीमों के लिए WTC अंक तालिका के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।

वहीं, पाकिस्तान अगस्त और सितंबर के दौरान इंग्लैंड दौरे पर 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा।

इन सभी मुकाबलों के नतीजे WTC 2027 के फाइनल की तस्वीर काफी हद तक साफ कर सकते हैं।

ADVERTISEMENT

खिताब

अब तक इन टीमों ने जीता है खिताब

WTC के अब तक खेले गए 3 संस्करणों में अलग-अलग टीमों ने खिताब जीता है।

न्यूजीलैंड ने 2021 में पहला WTC फाइनल जीतकर इतिहास रचा था।

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में भारत को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। वहीं, 2025 में दक्षिण अफ्रीका ने फाइनल जीतकर लंबे समय से चले आ रहे अपने ICC ट्रॉफी के सूखे को समाप्त किया था।

उसने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

ADVERTISEMENT