LOADING...
WTC 2023-25: तेम्बा बावुमा का इस चक्र में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े
इस चक्र में अच्छा रहा बावुमा का प्रदर्शन (तस्वीर: एक्स/@ICC)

WTC 2023-25: तेम्बा बावुमा का इस चक्र में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े

Jun 16, 2025
04:48 pm

क्या है खबर?

हाल ही में सम्पन्न हुई विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 का खिताब दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया। तेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली प्रोटियाज टीम ने फाइनल में पैट कमिंस की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को शिकस्त दी। खिताबी मुकाबले में भी बावुमा ने अर्धशतक लगाते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस बीच बावुमा के WTC 2023-25 में किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

फाइनल 

इस चक्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी रहे बावुमा

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ फाइनल की चौथी पारी में बावुमा ने शानदार बल्लेबाजी की थी। हैमस्ट्रिंग की चोट के बावजूद, बावुमा ने टिककर बल्लेबाजी की और 282 रनों का पीछा करते हुए 66 रन बनाए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में 36 रन बनाए थे। बावुमा इस चक्र में दक्षिण अफ्रीका से संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 8 मैचों में 711 रन बनाए। डेविड बेडिंघम ने भी 711 रन बनाए।

औसत 

बावुमा का रहा दूसरा सर्वश्रेष्ठ औसत 

क्रिकइंफो के अनुसार, बावुमा का 59.25 का औसत दूसरा सर्वश्रेष्ठ था, जिन्होंने कम से कम 5 पारियां खेलीं। वह केवल श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस से पीछे हैं, जिन्होंने 62.38 की औसत से रन बनाए थे। बावुमा ने 5 अर्धशतक और 2 शतक लगाए और 113 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। इस चक्र में कप्तान के रूप में कम से कम 300 रन बनाने वाले किसी अन्य बल्लेबाज का औसत 40 भी नहीं रहा था।

कप्तानी 

कप्तानी में बावुमा ने किया कमाल 

बावुमा ने कप्तानी करते हुए अपनी 9वीं टेस्ट जीत (ड्रॉ-1) दर्ज की। उनके नेतृत्व में टीम ने 10 में से कोई मैच नहीं हारा है। वह बिना शिकस्त झेले सर्वाधिक टेस्ट जीतने वाले कप्तान बने। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के वारविक आर्मस्ट्रांग का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 8 मैच (1902-1921) जीते थे। इस सूची में तीसरे पायदान पर इंग्लैंड के ब्रायन क्लोज हैं। बता दें कि क्लोज की कप्तानी में इंग्लैंड ने बिना हार के 6 टेस्ट जीते थे।

रन 

WTC में सर्वाधिक रन वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हैं बावुमा 

बावुमा ने 28 WTC टेस्ट में 44.26 की औसत से 1,992 रन बनाए हैं। वह 2,000 रन के आंकड़े से थोड़े से अंतर से चूक गए। इस अनुभवी खिलाड़ी के नाम 3 शतक और 12 अर्धशतक हैं। 500 से ज्यादा WTC रन बनाने वाले किसी भी अन्य दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज का औसत 40 से ज्यादा नहीं है। फाइनल में बावुमा ने डीन एल्गर (1,935) को पीछे छोड़ा और WTC इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी बने थे।