Page Loader
WWE: जब रेसलर्स ने किया हीरो वाला काम, 5 रेसलर्स जिन्होंने किसी की जान बचाई है

WWE: जब रेसलर्स ने किया हीरो वाला काम, 5 रेसलर्स जिन्होंने किसी की जान बचाई है

लेखन Neeraj Pandey
Jan 10, 2019
09:45 am

क्या है खबर?

WWE रेसलर्स रिंग में परफॉर्म करते हैं लेकिन उनका असर बाहर की दुनिया तक जाता है। रेसलिंग फैंस अपने फेवरिट रेसलर को एक हीरो के तौर पर देखते हैं और कई मौकों पर रेसलर्स ने हीरो वाले काम भी किए हैं। रिंग में हीरो बनते तो आपने कई रेसलर्स को देखा होगा लेकिन कुछ ऐसे भी रेसलर्स रहे हैं जिन्होंने वास्तविक जीवन में भी हीरो वाला काम किया है। जानिए 5 रेसलर्स को जिन्होंने किसी की जान बचाई है।

पेरी शटर्न

गोली लगने के बावजूद महिला को बचाया

पेरी रेसलिंग इतिहास के सबसे बड़े गुमनाम नायक हैं। 2004 में वह अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि दो लोग मिलकर एक महिला का बलात्कार करने की कोशिश कर रहे हैं। पेरी तुरंत ही उस महिला की मदद करने पहुंच गए लेकिन बदमाशों ने उनके कंधे और गले में गोली मार दी। गोली लगने के बाद भी पेरी हटे नहीं और उन्होंने महिला को सुरक्षित बचा लिया।

कर्ट हेन्निग

हंटिग ट्रिप पर दोस्त को मरने से बचाया

कंपनी के सबसे महान रेसलर्स में से एक कर्ट हेन्निग WWE के हाल ऑफ फेमर हैं। 2001 में हेन्निग और उनके दोस्स बॉग्स हंटिग ट्रिप पर गए थे जहां हेन्निग ने अपने दोस्त की जान बचाई थी। हंटिंग के दौरान बॉग्स कांटेदार तारों की चपेट में आ गए और उनके शरीर से खून बहने लगा। खून काफी तेजी से निकल रहा था लेकिन हेन्निग ने समझदारी दिखाते हुए उन्हें जल्दी से अस्पताल पहुंचाया और उऩकी जान बचाई।

चक पलुंबो

कार में फंसी महिला की जान बचाई

चक पलुंबो अपनी कार से घर की तरफ जा रहे थे तभी उन्होंने रास्ते में एक कार देखी जो कि सड़क पर उल्टी पड़ी थी। जब वह कार के पास गए तो उन्होंने देखा कि एक महिला कार में फंसी हुई है। महिला का हाथ कार की स्टीयरिंग में फंसा हुआ था और वह लगभग बेहोशी की हालत में थी। पलुंबो ने तुरंत ही उस महिला को कार से निकाला और उसकी जान बचाई।

ब्रे वायट

कार एक्सीडेंट के दौरान लड़की की जान बचाई

ब्रे वायट को वर्तमान समय में सबसे सनकी रेसलर के रूप में देखा जाता है लेकिन रिंग से बाहर उनके अंदर भी मानवता है। एक बार रास्ते में उनकी कार को एक अन्य कार ने दो बार टक्कर मारी और टक्कर मारने के बाद वह कार पलट गई। कार से धुआं निकल रहा था जिसको देखकर ब्रे भागते हुए कार के पास पहुंचे। उन्होंने कार में से एक कम उम्र की लड़की को निकाला और उसकी जान बचाई।

बैम बैम बिगेलोव

जलते हुए घर से बच्चों को सुरक्षित निकाला

2000 में बिगेलोव ने जलते हुए घर से तीन बच्चों को बचाने के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी थी। इस घटना के बारे में बिगेलोव का कहना था कि उन्होंने बच्चों को पटाखों के साथ खेलते हुए देखा था। बाद में आग लग गई और बच्चे घर में फंस गए तो उन्होंने वही किया जो कोई भी अन्य व्यक्ति करता। बच्चों को सुरक्षित बचाने में बिगेलोव 40 प्रतिशत से ज़्यादा झुलस गए थे।