Page Loader
WPL: दिल्ली कैपिटल्स ने मेग लैनिंग को बनाया अपना कप्तान, रोड्रिगेज बनीं उपकप्तान 
ऑस्ट्रेलिया की सफल कप्तान हैं मेग लैनिंग (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

WPL: दिल्ली कैपिटल्स ने मेग लैनिंग को बनाया अपना कप्तान, रोड्रिगेज बनीं उपकप्तान 

Mar 02, 2023
01:45 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का पहला संस्करण 4 मार्च से शुरू होना है और इससे ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने मेग लैनिंग को अपना कप्तान बनाया है। बता दें, लैनिंग ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की सफल कप्तान हैं और उनके नेतृत्व में कंगारू टीम ने हाल ही में महिला टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके साथ ही DC ने जेमिमा रोड्रिगेज को अपना उपकप्तान बनाया है।

कप्तानी 

सफल कप्तान रही हैं लैनिंग 

लैनिंग के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी-20 विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था। उनके नाम बतौर कप्तान सबसे ज्यादा ICC खिताब जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 5 बार ICC खिताब पर कब्जा जमाया है। उनके बाद इस सूची में रिकी पोंटिंग है, जिनके नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया 4 बार ICC टूर्नामेंट में चैंपियन बन चुकी है। महेंद्र सिंह की धोनी की कप्तानी में भारत 3 बार ICC खिताब जीत चुका है।

लैनिंग 

100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तानी करने वाली इकलौती कप्तान हैं लैनिंग 

लैनिंग ने इस साल के महिला टी-20 विश्व कप फाइनल में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। वह 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक टीम का नेतृत्व करने वाली पहली खिलाड़ी (पुरुष या महिला) बनीं थी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर उनके सबसे नजदीक है, जिन्होंने 96 मैचों में कप्तानी की है। पुरुषों में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज आरोन फिंच (76 टी-20) के नाम सबसे अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक टीम की कप्तानी करने का रिकॉर्ड है।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरी सर्वाधिक रन वाली महिला खिलाड़ी हैं लैनिंग 

लैनिंग टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। लैनिंग ने अब तक 132 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिए हैं, जिसमें 36.61 की औसत और 116.37 की स्ट्राइक रेट से 3,405 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 133* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 शतक और 15 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। केवल न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स उनसे आगे हैं, जिन्होंने 143 मैचों में 3,820 रन बनाए हैं।

DC 

ऐसा है DC जा पूरा स्क्वाड 

DC ने रोड्रिगेज के अलावा शफाली वर्मा, तान्या भाटिया, राधा यादव और शिखा पांडें के रूप में भारतीय टीम के प्रमुख खिलाड़ियों को जगह दी है। बल्लेबाज: जेमिमा रोड्रिगेज, मेग लैनिंग, शफाली वर्मा, लॉरा हैरिस, जसिया अख्तर और स्नेहा दीप्ति। गेंदबाज: तीता साधु, तारा नॉरिस और पूनम यादव। विकेटकीपर: तान्या भाटिया और अपर्णा मोंडल। ऑलराउंडर: राधा यादव, शिखा पांडे, मरिजैन कप्प, एलिस कैप्सी, मिन्नू मणि, अरुंधति रेड्डी और जेस जोनासेन।