Page Loader
WPL 2025: UPW ने सुपर ओवर में RCB को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
सुपर ओवर में निकला मैच का परिणाम (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2025: UPW ने सुपर ओवर में RCB को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स

Feb 24, 2025
11:30 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में यूपी वारियर्स (UPW) ने सुपर ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को हराते हुए सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। बेंगलुरु में हुए मैच में RCB ने पहले खेलते हुए एलिस पेरी की नाबाद 90 रन की बदौलत 180/6 का स्कोर बनाया। जवाब में UPW की टीम भी 180/10 ही बना सकी। आखिर में सुपर ओवर के जरिए मैच का परिणाम निकला। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह टाई पर समाप्त हुआ रोचक मुकाबला 

स्मृति मंधाना (6) के जल्दी आउट होने के बाद डेनियल व्याट-हॉज (57) और पेरी (90*) ने अर्धशतक लगाए। इनके अलावा RCB से कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए UPW ने 50 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद दीप्ति शर्मा (25) और श्वेता सेहरावत (31) ने संघर्ष किया। आखिरी ओवर में 18 रन की दरकार थी और एक्लेस्टोन ने 19 गेंदों पर 33 रन बनाकर मैच टाई करा दिया।

सुपर ओवर

ऐसा रहा WPL इतिहास का पहला सुपर ओवर

RCB से किम गार्थ ने बेहतरीन सुपर ओवर किया। उन्होंने UPW के बल्लेबाजों के खिलाफ अपने ओवर में सिर्फ 8 रन दिए। इस बीच गार्थ ने शिनेल हेनरी (4) को आउट भी किया। जवाब में UPW से सुपर ओवर भी एक्लेस्टोन ने ही किया। उन्होंने स्मृति मंधाना और रिचा घोष के खिलाफ अविश्वसनीय गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिए। एक्लेस्टोन ने अपनी गेंदबाजी में 1 भी बाउंड्री नहीं दी।

डेनियल व्याट-हॉज 

डेनियल व्याट-हॉज ने लगाया अपना पहला अर्धशतक 

RCB से पारी की शुरुआत करने आई डेनियल व्याट-हॉज ने अपने WPL करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 41 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। WPL करियर में अब तक उन्होंने 4 मैचों में 28.00 की औसत और 128.73 की स्ट्राइक रेट के साथ 112 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने पिछले मैच में सिर्फ 9 रन बनाए थे।

पेरी 

एलिस पेरी ने खेली शानदार पारी

पेरी ने 56 गेंदों पर नाबाद 90 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। यह उनके WPL करियर का 7वां अर्धशतक रहा। अपनी इस पारी के साथ ही पेरी ने WPL में अपने 800 रन पूरे किए और ये आंकड़ा छूने वाली पहली बल्लेबाज बनीं। पेरी के नाम अब WPL के इतिहास में 21 पारियों में 64.23 की औसत के साथ 835 रन बनाए हैं।

रिकॉर्ड 

पेरी ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

34 वर्षीय पेरी अब WPL के अब तक के इतिहास में सर्वाधिक 50 से अधिक रनों का स्कोर (अर्धशतक और शतक को मिलाकर) बनाने वाली खिलाड़ी बनीं हैं। उन्होंने इस मामले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की मेग लैनिंग (7) की बराबरी की हैं। पेरी और लैनिंग के बाद MI की हरमनप्रीत कौर (6), नैट साइवर-ब्रंट (5) और DC की शफाली वर्मा (5) इस सूची में शामिल हैं।