WPL 2025: MI ने GG को हराकर दर्ज की अपनी 5वीं जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 19वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात जायंट्स (GG) को 9 रन से हराते हुए अपनी 5वीं जीत दर्ज की।
ब्रेबोर्न स्टेडियम में हुए मैच में MI ने पहले खेलते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर के अर्धशतक (54) की मदद से 179/6 का स्कोर बनाया।
जवाब में GG की टीम पूरे ओवर खेलने के बावजूद 170/10 का स्कोर ही बना सकी।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
MI से अमेलिया केर (5) का विकेट जल्दी गिरने के बाद हैली मैथ्यूज (27) और नेट साइवर ब्रंट (38) ने पारी को संभाला। इसके बाद हरमनप्रीत ने अर्धशतक लगाया और अमनजोत कौर ने 27 रन का योगदान देकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में GG ने बेथ मूनी (7), काशवी गौतम (10) और एश्ले गार्डनर (0) के विकेट जल्दी गंवा दिए।
इसके बाद हरलीन देओल (24) और भारती फूलमाली (61) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सकी।
हरमन
हरमनप्रीत ने लगाया अर्धशतक
MI ने जब 46 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब हरमनप्रीत क्रीज पर आई। उन्होंने 31 गेंदों में अपने WPL करियर का 7वां अर्धशतक पूरा किया।
MI की कप्तान 33 गेंदों पर 54 रन की पारी खेलकर आउट हुई। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 9 चौके लगाए।
उन्होंने साइवर ब्रंट के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 59 रन की अहम साझेदारी भी की।
जानकारी
WPL इतिहास में तीसरी सर्वाधिक 50+ स्कोर वाली बल्लेबाज बनीं हरमनप्रीत
हरमनप्रीत अब WPL में तीसरी सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज बनीं हैं। RCB की एलिस पेरी (8) और DC की मेग लैनिंग (9) ही उनसे आगे हैं।
अर्धशतक
भारती फूलमाली ने जड़ा तेज अर्धशतक
मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आई भारती फूलमाली ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 22 गेंदों में अपने WPL करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया।
वह 25 गेंदों पर 61 रन की बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुई। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 4 छक्के भी लगाए।
वह WPL में GG की ओर से दूसरी सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बनी हैं। उनसे आगे सिर्फ सोफिया डंकले (18 गेंद, बनाम RCB, 2023) हैं।
ब्रंट
ब्रंट ने हासिल की ये उपलब्धि
MI की अनुभवी बल्लेबाज ब्रंट 31 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुई।
वह मौजूदा सीजन में अब तक 7 पारियों में 69.40 की औसत और 145.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 347 रन बनाए हैं। इस बीच वह 3 अर्धशतक लगा चुकी हैं।
ब्रंट अब WPL के इतिहास में किसी एक सीजन में संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज बनी हैं। उन्होंने पेरी (347 रन, 2024) की बराबरी की हैं।
अंक तालिका
अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची MI की टीम
WPL 2025 में यह MI की 7 मैचों के बाद 5वीं जीत है। अब MI की टीम 10 अंको के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
GG की यह 8 मैचों के बाद चौथी हार है। GG की टीम 4 जीत (8 अंक) के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गई है।
DC की टीम 10 अंको के साथ शीर्ष पर बरकरार है।
बता दें कि ये तीनों टीमें नॉकऑउट में पहले ही पहुंच गई है।