Page Loader
जॉर्जिया वोल WPL इतिहास का पहला शतक लगाने से चूकी, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 
वोल ने RCB के खिलाफ कमाल की पारी खेली

जॉर्जिया वोल WPL इतिहास का पहला शतक लगाने से चूकी, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 

Mar 08, 2025
09:12 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 18वें मुकाबले में यूपी वारियर्स (UPW) की सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल ने 99* रन की शानदार पारी खेली। यह WPL इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ उन्होंने 31 गेंदों का सामना करते हुए अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने RCB की सभी गेंदबाजों की क्लास लगाई। वोल ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ पिछले मैच में 55 रन बनाए थे। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

सर्वश्रेष्ठ स्कोर

WPL के सर्वश्रेष्ठ स्कोर पर एक नजर 

वोल ने संयुक्त रूप से सोफी डिवाइन की बराबरी की है। डिवाइन ने गुजरात जायंट्स (GG) के खिलाफ 99 रन की पारी खेली थी। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों का सामना किया था और अपनी पारी में 9 चौके और 8 छक्के लगाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 275 की रही थी। एलिसा हीली और बेथ मूनी ने इस टूर्नामेंट में 96*-96* रन की पारियां खेली हैं। इनके अलावा हरमनप्रीत कौर के बल्ले से GG के खिलाफ 95* रन निकले थे।

पारी

वोल की पारी और साझेदारी पर एक नजर 

वोल ने 56 गेंदों का सामना किया और नाबाद 99 रन बनाए। उनके बल्ले से 17 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 176.79 की रही। वोल ने पहले विकेट के लिए ग्रेस हैरिस के साथ 43 गेंदों में 77 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद किरण नवगिरे के साथ उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 71 रन जोड़ दिए। नवगिरे ने सिर्फ 16 गेंद में 46 रन बनाए। हैरिस ने 22 गेंदों में 39 रन की पारी खेली।

करियर

वोल के WPL करियर पर एक नजर 

वोल WPL में पहला सीजन खेल रही हैं। उन्होंने 3 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 77 की औसत से 154 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 99* रन रहा है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के लिए खेलती हैं। उन्होंने अब तक 3 मुकाबले खेले हैं और 16.33 की औसत से 49 रन बनाने में सफल रही हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 23 रन रहा है।

पारी

UPW की पारी पर एक नजर 

RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। RCB का कोई भी गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। RCB के 4 गेंदबाजों ने 40 से ज्यादा रन दिए। जॉर्जिया वेयरहैम ने 2 विकेट लिए, लेकिन 43 रन खर्च कर दिए। वोल के अलावा नवगिरे ने धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 16 गेंद में 46 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 287.50 की रही।