
WPL 2025, फाइनल: MI ने DC को हराकर दूसरी बार जीता खिताब, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 रन से हरा दिया।
MI ने दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम किया है।
DC की टीम लगातार तीसरे उपविजेता रही है। WPL 2024 के फाइनल में उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने हराया था। पहले सीजन में DC को MI ने मात दी थी।
ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
फाइनल मुकाबले का लेखा-जोखा
DC ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। एक समय MI के 2 बल्लेबाज सिर्फ 14 रन पर पवेलियन में लौट गए थे।
यहां से हरमनप्रीत कौर (66) और नेट साइवर ब्रंट (30) ने पारी संभाली और टीम का स्कोर 149 तक ले गए।
जवाब में DC को नियमित अंतराल पर झटके लगते रहे। उनका कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। ब्रंट ने 3 विकेट झटके। DC 20 ओवर में 141/9 का स्कोर ही बना पाई।
इतिहास
ब्रंट ने रचा इतिहास
ब्रंट WPL के इतिहास में 1,000 रन बनाने वाली पहली बल्लेबाज बनी। उन्होंने अब तक 29 मुकाबले खेले हैं और इसकी 29 पारियों में 46.68 की औसत और 141.85 की स्ट्राइक रेट से 1,027 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से WPL में 8 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 80* रन रहा है।
वह WPL के एक सीजन में 500 रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी भी बन गईं हैं। उन्होंने इस सीजन 65.37 की औसत से 523 रन बनाए।
जानकारी
ब्रंट ने इस सीजन एलिस पेरी को पीछे छोड़ दिया
ब्रंट से पहले एलिस पेरी के नाम एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड था। उन्होंने WPL 2024 में 347 रन बनाए थे। इस सीजन उनके बल्ले से 372 रन निकले थे। WPL 2023 में मेग लेनिंग ने 345 रन बनाए थे।
पारी
हरमनप्रीत ने खेली कप्तानी पारी
हरमनप्रीत ने मैच में 44 गेंदों का सामना किया और 66 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 150 की रही।
यह उनके WPL करियर का 8वां और इस सीजन का तीसरा अर्धशतक रहा। उनकी शानदार पारी के ही कारण MI की टीम फाइनल मुकाबले में 149/7 के स्कोर तक पहुंच पाई।
WPL 2025 में इस खिलाड़ी ने 10 पारियों में 33.55 की औसत से 302 रन बनाए।
जानकारी
हरमनप्रीत ने लगाया WPL फाइनल में दूसरा अर्धशतक
हरमनप्रीत ने WPL के फाइनल मुकाबले में दूसरा अर्धशतक लगाया। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ ब्रंट ने किया था। उन्होंने DC के खिलाफ उस मुकाबले में 55 गेंदों का सामना किया था और 60 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 चौके निकले थे।