Page Loader
WPL 2024: नीलामी के बाद कुछ ऐसी है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम, जानिए अहम बातें 
WPL के पहले संस्करण में RCB का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था (तस्वीर: एक्स/@WPL20)

WPL 2024: नीलामी के बाद कुछ ऐसी है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम, जानिए अहम बातें 

Dec 09, 2023
07:21 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के लिए शनिवार को मुंबई में मिनी नीलामी आयोजित की गई। इस नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने तय रणनीति के तहत कुछ खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल किया है। हाल ही में फ्रेंचाइजी ने 7 खिलाड़ियों को रिलीज करते हुए कुछ कठोर कदम उठाए थे। आइए नीलामी के बाद RCB की पूरी टीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

दल

नीलामी के बाद ऐसा है RCB का पूरा दल 

RCB ने नीलामी में सबसे बड़ी बोली एकता बिष्ट पर लगाई। एकता को खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी ने 60 लाख रुपये खर्च किए। इसके अलावा जार्जिया वेरेहम को खरीदने के लिए भी फ्रेंचाइजी ने 40 लाख रुपये की बड़ी राशि खर्च की। RCB का पूरा दल: आशा शोभना, दिशा कसाट, एलिस पेरी, हीथर नाइट, इंद्राणी रॉय, कनिका आहूजा, रेणुका सिंह, ऋचा घोष, श्रेयंका पाटिल, स्मृति मंधाना, सोफी डिवाइन, एकता बिष्ट, जार्जिया वेरेहम, केट क्रॉस, शुभा सतीश।

WPL 2023

पहले संस्करण में बेहद खराब रहा था RCB का प्रदर्शन 

WPL के उद्घाटन संस्करण में RCB का प्रदर्शन उम्मीद के बिल्कुल विपरित बेहद निराशाजनक रहा था। टीम के लचर प्रदर्शन का आलम ये रहा था कि वह लीग दौर से भी आगे नहीं बढ़ पाई थी। 5 टीमों की अंक तालिका में वह चौथे स्थान पर रही थी। स्मृति मंधाना की कप्तानी में RCB अपने 8 में से केवल 2 मैच ही जीत पाई थी और 6 में उसे हार का सामना करना पड़ा था।