Page Loader
WPL 2024: MI और RCB के बीच होगा एलिमिनेटर मैच, जानिए सभी अहम बातें
15 मार्च को होगा एलिमिनेटर मैच (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: MI और RCB के बीच होगा एलिमिनेटर मैच, जानिए सभी अहम बातें

Mar 14, 2024
08:22 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 में लीग स्टेज के मैच बीते बुधवार (13 मार्च) को खत्म हो चुके हैं। अब 15 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल का टिकट हासिल करेगी। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स (DC) सीधे ही खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर चुकी है। आइए एलिमिनेटर मुकाबले से जुड़ी सभी अहम बातों पर एक नजर डालते हैं।

अंक तालिका

ऐसी रही अंक तालिका में टीमों की स्थिति 

मेग लैनिंग के नेतृत्व में DC ने 8 में से 6 मैच जीते और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था, जिसके चलते उन्होंने फाइनल में प्रवेश किया था। MI ने 8 में से 5 मैच जीता था और दूसरा स्थान हासिल किया था। गत विजेता MI लगातार दूसरे सीजन के फाइनल में जगह बनाना चाहेगी। स्मृति मंधाना की कमान में RCB ने 4 मैच जीते। बाकी 2 टीमों का अभियान समाप्त हो गया है।

MI 

MI से इन खिलाड़ियों ने किया उम्दा प्रदर्शन 

MI से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक रन बनाए हैं। उन्होंने 6 मैचों में 58.75 की औसत और 146.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 235 रन बनाए हैं। अमेलिया केर ने 31.33 की औसत के साथ 188 रन बनाए हैं। शबनिम इस्माइल और नेट साइवर-ब्रंट MI की सबसे सफल गेंदबाज हैं। इस्माइल ने मौजूदा सीजन में अब तक 17.87 की औसत के साथ 8 विकेट चटकाए हैं। साइवर-ब्रंट ने भी 8 ही विकेट लिए हैं।

RCB 

RCB से इन खिलाड़ियों ने किया कमाल

RCB से कप्तान मंधाना ने 8 पारियों में 32.37 की औसत और 145.5 की स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए हैं। वह 80 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगा चुकी हैं। एलिसे पेरी ने 130.15 की स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाए हैं। लेग ब्रेक गेंदबाज आशा शोभना ने 17.55 की औसत से 9 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने UPW के खिलाफ 5 विकेट हॉल भी लिया था। सोफी मोलिनक्स और श्रेयांका पाटिल ने 8-8 विकेट लिए हैं।

MI 

अपने लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचना चाहेगी MI 

MI ने WPL 2023 में खेला गया पहला संस्करण जीता था। अब हरमनप्रीत के नेतृत्व में MI लगातार दूसरे सीजन के फाइनल का टिकट हासिल करना चाहेगी। दूसरी तरफ RCB ने पहली बार एलिमिनेटर में पहुंचने में सफलता हासिल की है। पिछले सीजन में RCB ने निराश किया था और सिर्फ 2 मैच जीते थे। मंधाना की कप्तानी में खेलते हुए RCB की टीम पिछले सीजन में चौथे स्थान पर रही थी।

हेड-टू-हेड

MI का पलड़ा रहा है भारी 

WPL में अब तक दोनों टीमें कुल 4 मैचों में आमने-सामने हुई है, जिसमें से 3 में MI ने जीत दर्ज की है, जबकि सिर्फ 1 मैच RCB ने अपने नाम किया है। WPL 2024 में पहली भिड़ंत (9 मार्च) में MI ने RCB को 7 विकेट से हराया था। इसके बाद 12 मार्च को दोनों टीमें आमने-सामने हुई थी, जिसमें RCB ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया था।

जानकारी

अरुण जेटली स्टेडियम में होगा एलिमिनेटर मुकाबला 

MI और RCB के बीच एलिमिनेटर मुकाबला 15 मार्च को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इसे स्पोर्ट्स-18 नेटवर्क और जियो सिनेमा ऐप पर देखा जा सकता है।