Page Loader
WPL 2024: DC और RCB के बीच होगा फाइनल मुकाबला, जानिए सभी अहम बातें
17 मार्च को होगा फाइनल मुकाबला (तस्वीर:एक्स/@wplt20)

WPL 2024: DC और RCB के बीच होगा फाइनल मुकाबला, जानिए सभी अहम बातें

Mar 16, 2024
12:13 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। अब खिताबी मुकाबला 17 मार्च को RCB और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली MI का सफर समाप्त होने के साथ ही आगामी सीजन में नया विजेता मिलना तय है। इस बीच फाइनल से जुड़ी सभी अहम बातों पर एक नजर डालते हैं।

RCB 

ऐसा रहा है RCB का सफर 

RCB ने लीग स्टेज में अपने 8 में से 4 मैच जीते और इतने में ही उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा। स्मृति मंधाना के नेतृत्व वाली RCB को DC ने 2 बार हराया, जबकि गुजरात जायंट्स (GG) और MI के खिलाफ उन्हें 1-1 हार झेलनी पड़ी। RCB ने 8 अंको के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए एलिमिनेटर में अपनी जगह बनाई थी। अब RCB पहली बार WPL के फाइनल में पहुंची है।

DC 

DC ने सीधे हासिल किया फाइनल का टिकट

मेग लैनिंग के नेतृत्व में DC ने 8 में से 6 मैच जीते और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था, जिसके चलते उन्होंने सीधे फाइनल में प्रवेश किया था। DC को सिर्फ यूपी वारियर्स (UPW) और MI के खिलाफ 1-1 मैच में शिकस्त मिली थी। DC ने लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। पिछले सीजन के फाइनल में DC को MI के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

RCB 

RCB से इन खिलाड़ियों ने किया है उम्दा प्रदर्शन 

RCB से एलिसे पेरी ने 130.54 की स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 312 रन बनाए हैं। मंधाना ने 9 पारियों में 29.89 की औसत और 145.41 की स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए हैं। वह 80 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगा चुकी हैं। लेग ब्रेक गेंदबाज आशा शोभना ने 17.10 की औसत से 10 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने UPW के खिलाफ 5 विकेट हॉल भी लिया था। सोफी मोलिनक्स ने 9 विकेट चटकाए हैं।

जानकारी

RCB के खिलाफ अजेय रही है DC की टीम 

अब तक दोनों टीमें 4 बार आमने-सामने हुई है और चारों मैचों में DC ने जीत दर्ज की है। इस सीजन के पहली भिड़ंत में DC ने 25 रन से और दूसरी भिड़ंत में 1 रन से जीत हासिल की थी।

DC 

DC से इन खिलाड़ियों ने किया है कमाल 

लैनिंग ने 8 पारियों में 38.5 की औसत और 125.2 की स्ट्राइक रेट के साथ 308 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 4 अर्धशतक लगाए हैं। शफाली वर्मा ने 8 पारियों में 155.88 की स्ट्राइक रेट के साथ 265 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। जेमिमा रोड्रिगेज ने 235 रन बनाए हुए हैं। गेंदबाजी में मैरिजन कप्प और जेस जोनासेन ने 11-11 विकेट लिए हैं। राधा यादव ने 16.90 की औसत से 10 विकेट चटकाए हैं।

जानकारी

अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा खिताबी मुकाबला 

DC और RCB के बीच फाइनल मुकाबला 17 मार्च को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इसे स्पोर्ट्स-18 नेटवर्क और जियो सिनेमा ऐप पर देखा जा सकता है।

पोल

कौन सी टीम WPL 2024 का खिताब जीतने में सफल होगी?