WPL 2024 नीलामी: वृंदा दिनेश को यूपी वॉरियर्स ने 1.30 करोड़ में खरीदा, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे सीजन के लिए शनिवार को मुंबई में नीलामी हुई।
इसमें अनकैप्ड वृंदा दिनेश को यूपी वारियर्स (UPW) ने 1.30 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका बेस प्राइस 10 लाख रुपये था। इसके साथ ही वह WPL इतिहास की दूसरी सबसे महंगी अनकैप्ड खिलाड़ी बन गई हैं।
वृंदा ने पिछले 2 सीजन में कर्नाटक के लिए शानदार बल्लेबाजी की।
हाल ही में इंग्लैंड-A के खिलाफ 3 मैच की सीरीज में वह भारत-A टीम का हिस्सा थीं।
परिचय
कौन हैं वृंदा दिनेश?
22 वर्षीय वृंदा घरेलू सर्किट में कर्नाटक के लिए खेलती हैं। वह शीर्ष क्रम की बल्लेबाज हैं जो लेग-ब्रेक गेंदबाजी भी कर सकती हैं।
वृंदा शुरू से ही आक्रमण करने की अपनी क्षमता के लिए जानी जाती हैं। हालांकि, इस युवा खिलाड़ी ने अभी तक भारत के लिए डेब्यू नहीं किया है, लेकिन वह पहले ही इंडिया-A में रैंक हासिल कर चुकी है।
कई लोगों को उम्मीद है कि वह जल्द ही भारतीय टीम में खेलती नजर आएंगी।
प्रदर्शन
वृंदा का प्रदर्शन
वृंदा इस साल की शुरुआत में हांगकांग में आयोजित ACC इमर्जिंग टीम्स कप का खिताब जीतने वाली अंडर-23 भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा थीं।
फाइनल में इस युवा खिलाड़ी ने चुनौतीपूर्ण पिच पर बांग्लादेश के खिलाफ 29 गेंदों में शानदार 36 रनों की उल्लेखनीय पारी खेली थी। उन्होंने उस मुकाबले में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की थी।
भारतीय टीम ने मुकाबले में 127 रन बनाए थे। वृंदा ने ऑफ-सीजन के दौरान 5 WPL फ्रेंचाइजी की टेस्ट में भाग लिया।
घरेलू क्रिकेट
घरेलू क्रिकेट में भी किया है शानदार प्रदर्शन
स्टार युवा खिलाड़ी ने साल की शुरुआत में सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी के फाइनल में कर्नाटक की के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 11 पारियों में 47.70 की प्रभावशाली औसत से 477 रन बनाए थे।
उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन में राजस्थान के खिलाफ 81 रनों की महत्वपूर्ण पारी शामिल है। अब उसका लक्ष्य WPL में बेहतर प्रदर्शन करने का है।
नीलामी
नीलामी में उपलब्ध हैं 30 स्लॉट
नीलामी में 5 टीमों में केवल 30 स्लॉट ही बचे थे। इसमें से विदेशी खिलाड़ियों के लिए केवल 9 स्लॉट उपलब्ध थे।
21 विदेशी खिलाड़ियों सहित 60 क्रिकेटरों को 5 फ्रेंचाइजी में बरकरार रखा गया था। 29 खिलाड़ियों को उनकी मौजूदा टीम से रिलीज कर दिया गया था।
ऐसे में 61 विदेशियों सिहत कुल 165 खिलाड़ियों की नीलामी हुई थी। वेस्टइंडीज की डिआंड्रा डॉटिन और ऑस्ट्रेलिया की किम गार्थ ने सबसे ज्यादा बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा है।