LOADING...
महिला दिवस: WWE में इन महिलाओं ने दिलाई महिला रेसलिंग को पहचान

महिला दिवस: WWE में इन महिलाओं ने दिलाई महिला रेसलिंग को पहचान

लेखन Neeraj Pandey
Mar 08, 2020
04:30 pm

क्या है खबर?

महिलाओं का दर्जा हमेशा इस दुनिया में सबसे ऊंचा रहेगा। महिलाएं जहां भी रहती हैं वे हर संघर्ष से गुजर सकती हैं, लेकिन कभी हार नहीं मानती। कुछ इसी तरह प्रोफेशनल रेसलिंग जगत का भी हाल है जिसमें फिलहाल के समय में खूब सारी महिलाएं अपना जलवा बिखेर रही हैं। विश्व महिला दिवस पर जानें इसकी शुरुआत कैसे हुई और किन लोगों ने इसे इतना आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाई।

मी यंग

महिला रेसलिंग की अगुवाई करने वाली महिला

मी यंग को खास तौर से 1940 के दशक में महिला रेसलिंग का अगुआ माना जाता है। मी ने कनाडा में महिला रेसलिंग शुरू कराने में मदद की और वे न केवल NWA की पहली फ्लोरिडा वूमन चैंपियन थीं, बल्कि NWA की पहली यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियन भी थीं। उनकी याद में WWE वर्तमान समय में 'मी यंग क्लासिक' नाम से प्रतियोगिता कराती है जिसमें ढेर सारी महिला रेसलर्स हिस्सा लेती हैं।

द फैब्यूलस मूलाह

हाल ऑफ फेम में शामिल होने वाली पहली महिला रेसलर

मी यंग द्वारा ट्रेनिंग हासिल करने वाली द फैब्यूलस मूलाह को स्पाइडर लेडी के नाम से जाना जाता था। मूलाह WWE के हाल ऑफ फेम में प्रवेश करने वाली पहली महिला रेसलर थीं। साल 1999 में वे सबसे ज्यादा उम्र की WWE चैंपियन बनीं। उन्होंने 1949 में प्रोफेशनल रेसलिंग डेब्यू किया था और लंबे समय तक महिला रेसलिंग को बढ़ावा देने का काम करती रहीं। उन्हें सबसे महान महिला रेसलर के रूप में याद किया जाता है।

स्टेफनी मैकमैहन

कंपनी की सबसे शक्तिशाली महिला

पिछले दो दशक से किसी न किसी रूप में कंपनी के साथ जुड़ी रहने वाली स्टेफनी मैकमैहन कंपनी की सबसे शक्तिशाली महिला हैं। उन्होंने जनरल मैनेजर से लेकर रेसलिंग करने तक कंपनी के लिए हर एक रोल अदा किया है। स्टेफनी ने कंपनी में ढेर सारी महिला रेसलर्स को मौका दिया है और वह लगातार महिलाओं के लिए प्रोफेशनल रेसलिंग में बढ़िया काम कर रही हैं। दोनों ही ब्रांड पर उन्होंने महिला रेसलर्स को काफी सम्मान दिलाया है।

विमेंस रेसलिंग

विमेंस रेसलिंग की तरफ फैंस का ध्यान खींचने वाली रेसलर्स

2000 की शुरुआत में कंपनी ने विमेंस रेसलिंग को बढ़ावा देने की कोशिश की और उनकी इच्छा थी कि इससे ज़्यादा से ज़्यादा फैंस को जोड़ा जाए। उस समय कंपनी के पास ट्रिश स्ट्रेटस, लीटा, मिकी जेम्स और एजे ली समेत कई महिला सुपरस्टार्स थीं जिन्होंने लोगों को विमेंस रेसलिंग की तरफ खींचा। सेबल के रूप में कंपनी के पास एक ऐसी महिला भी थीं जिन्होंने कंपनी को बढ़ावा देने के लिए काफी कुछ किया था।

रेसलर्स

विमेंस रेसलिंग की नई परिभाषा लिख रही हैं ये रेसलर्स

वर्तमान समय में कंपनी के पास शार्लेट फ्लेयर, बैकी लिंच, साशा बैंक्स, नेओमी, बेली, रोंडा राउज़ी और असुका समेत कई टैलेंटेड महिला रेसलर्स हैं। ये रेसलर्स विमेंस रेसलिंग की नई परिभाषा लिख रही हैं क्योंकि इन्हें किसी भी तरह के मूव में कोई डर नहीं लगता है। बैकी लिंच ने दर्शकों को 90 के दशक के स्टोन कोल्ड की याद दिलाई है तो वहीं रोंडा राउज़ी कई मौकों पर पुरुषों को भी पीट चुकी हैं।