महिला टी-20 विश्व कप 2026: वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को हराते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की
क्या है खबर?
महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 में वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराते हुए जीत की हैट्रिक लगाई। ब्रिस्टल में खेले गए मैच में श्रीलंका के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 98 रन पर सिमट गई। जवाब में कैरेबियाई टीम ने 16.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। मौजूदा टूर्नामेंट में श्रीलंका की यह दूसरी हार है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती वेस्टइंडीज की टीम
श्रीलंका ने 9 रन के स्कोर तक विश्मी गुणरत्ने(1), चमारी अट्टापट्टू (2) और हर्षिता समरविक्रमा (0) के विकेट गंवा दिए। खराब शुरुआत के बाद भी श्रीलंका के विकेटों के गिरने का क्रम जारी रहा। इस बीच निलाक्षिका सिल्वा ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। वेस्टइंडीज से हैली मैथ्यूज ने 3 विकेट लेते हुए पारी को समेट दिया। जवाब में वेस्टइंडीज ने स्टेफनी टेलर की पारी (27*) की मदद से लक्ष्य हासिल किया।
हैली मैथ्यूज
हैली मैथ्यूज ने टी-20 विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया
अनुभवी ऑलराउंडर हैली मैथ्यूज ने अपने 4 ओवर में 15 रन देते हुए 3 विकेट लिए। यह उनका टी-20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ मैच प्रदर्शन है। दाएं हाथ की इस ऑफ स्पिनर ने अब तक अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 124 मैच खेले हैं, जिसमें 18.79 की औसत के साथ 127 विकेट लिए हैं। टी-20 विश्व कप में उन्होंने अब तक 26 मैच खेले हैं, जिसमें 18.86 की औसत से 23 सफलताएं हासिल की है।
अंक तालिका
वेस्टइंडीज ने जीता अपना तीसरा मैच
महिला टी-20 विश्व कप 2026 में तीसरी जीत दर्ज करने वाली कैरेबियाई टीम अंक तालिका में 6 अंको के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। बता दें कि ग्रुप-B में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम शीर्ष पर है, जिसने अपने शुरुआती 3 मैच जीते हुए हैं। इस ग्रुप न्यूजीलैंड की टीम तीसरे पायदान पर है, जिसने 1 मैच जीता है और 2 में हार झेली है। स्कॉटलैंड चौथे और श्रीलंका पांचवें स्थान पर है।
बल्लेबाजी
ऐसी रही वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी
गेंदबाजी में कमाल करने वाली वेस्टइंडीज की कप्तान मैथ्यूज ने बल्लेबाजी में 17 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। डियांड्रा डॉटिन ने 16 गेंदों में 12 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज शेमेन कैंपबेल ने 12 गेंदों का सामना करते हुए 4 रन बनाए। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आए स्टेफनी ने 25 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाए। जहजारा क्लैक्सटन 6 रन बनाकर आउट हुई।