LOADING...
महिला टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

महिला टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Jun 20, 2026
12:07 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप 2026 के अपने तीसरे मैच में 21 जून को दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम से भिड़ेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत लगातार तीसरी जीत दर्ज करना चाहेगा। प्रोटियाज टीम लॉरा वोल्वार्ड्ट की कप्तानी में दूसरी जीत दर्ज करने उतरेगी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक अपने दोनों मुकाबले जीत चुकी है, जबकि प्रोटियाज टीम को एक मुकाबले में हार मिली है। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

दोनों टीमों के बीच बराबरी का रहा है मुकाबला

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 24 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 11 में जीत दर्ज की है और प्रोटियाज टीम को 10 मैचों में सफलता मिली है। 3 मुकाबले अनिर्णित रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अप्रैल 2026 में हुई द्विपक्षीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने 4-1 से जीत हासिल करके अपना दबदबा कायम किया था। ऐसे में आगामी महिला टी-20 विश्व कप के मुकाबले से पहले भारत पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।

संयोजन

इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम

भारत को शफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी से फिर अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। मंधाना टी-20 विश्व कप में अपने रिकॉर्ड को बेहतर करना चाहेंगी। गेंदबाजी में श्रीचरणी एक फिर शानदार प्रदर्शन करना चाहेगी। दीप्ति शर्मा से एक बार फिर गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। संभावित एकादश: स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड और नंदनी शर्मा।

Advertisement

प्लेइंग इलेवन

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है प्रोटियाज टीम

प्रोटियाज टीम को अपनी कप्तान वोल्वार्ड्ट और सुने लुस की सलामी जोड़ी से बेहतर शुरुआत दिलाने की उम्मीद रहेगी। इसी तरह मध्यक्रम में एनेरी डर्कसेन, मरिजाने कप्प और नादिन डी क्लार्क बड़ी पारियां खेलना चाहेंगी। गेंदबाजी में कप्प और शबनिम इस्माइल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है। दक्षिण अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन: लौरा वोल्वार्ड्ट, सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, मरिजाने कप्प, नादिन डी क्लार्क, क्लो ट्रायॉन, कायला रेनेके, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), शबनिम इस्माइल, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा।

Advertisement

पिच

कैसा रहता है ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच का मिजाज?

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम की पिच टी-20 मैचों के लिए आम तौर पर संतुलित और तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है। पिच की सख्त सतह और अच्छी उछाल के कारण नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। हालांकि, पिच पर जमने के बाद रन बनाना आसान हो जाता है। यहां की आउटफील्ड बहुत तेज होने के कारण चौके-छक्के लगाना आसान होता है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 154 से 164 रन के बीच रहता है।

जानकारी

कैसा रहा मौसम का मिजाज?

एक्यूवेदर के अनुसार, 21 जून को मैनचेस्टर का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 15 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 10 प्रतिशत संभावना है। बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे।

आंकड़े

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

भारत के लिए हरमनप्रीत ने पिछले 9 मैचों में 43 की उम्दा औसत से 301 रन बनाए हैं। शफाली ने 10 मैचों में 143.47 की स्ट्राइक रेट से 264 रन अपने नाम किए हैं। इसी तरह गेंदबाजी में श्री चरणी ने 9 मैचों में 15 विकेट चटकाए हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए वोल्वार्ड्ट ने पिछले 10 मैचों में 48.67 की औसत से 438 रन बनाए हैं। इसी तरह गेंदबाजी में नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 9 मैचों में 10 विकेट झटके हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच ये मुकाबला 21 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेडर्फ स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement