महिला टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम नीदरलैंड मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे मैच में 17 जून को नीदरलैंड महिला क्रिकेट टीम से भिड़ेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम जीत के क्रम को बरकरार रखना चाहेगी। वहीं, नीदरलैंड की टीम बैबेट डी लीड की कप्तानी में पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। यह दोनों टीमों के बीच इस प्रारूप में पहला ही मुकाबला होगा, जिसके रोमांचक होने की उम्मीद है। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
भारत को शफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। मंधाना टी-20 विश्व कप में अपने रिकॉर्ड को बेहतर करना चाहेंगी। गेंदबाजी में क्रांति गौड से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। दीप्ति शर्मा से एक बार फिर गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। संभावित एकादश: स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है नीदरलैंड टीम
नीदरलैंड की कप्तान डी लीड से टीम को काफी उम्मीदें होंगी। हाल ही में इस खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय गेंदबाज उन्हें जल्द पवेलियन भेजना चाहेंगी। इसी तरह टीम को हीदर सीजर्स और फेबे मोल्केनबोएर की सलामी जोड़ी से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। नीदरलैंड की संभावित एकादश: हीदर सीजर्स, फेबे मोल्केनबोएर, बैबेट डी लीडे (कप्तान और विकेटकीपर), स्टर्रे कालिस, रॉबिन रिजके, सान्या खुराना, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, आइरिस जविलिंग, कैरोलीन डी लैंग, सिल्वर सीजर्स और इसाबेल वोनिंग।
जानकारी
ऐसा रहेगा मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 17 जून को हेडिंग्ले का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 14 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 10 प्रतिशत संभावना है। बादल भी छाए रहेंगे।
पिच
कैसी रहेगी हेडिंग्ले की पिच?
हेडिंग्ले (लीड्स) की पिच आम तौर पर तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार होती है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और उछाल मिलता है, जिससे शुरुआती घंटों में बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा होती है। हालांकि, धूप खिलने और खेल के आगे बढ़ने पर पिच समतल और सूखी होती जाती है। इसके बाद बल्लेबाजी करना काफी आसान हो जाता है। ऐसे में इस पिच पर एक प्रतिस्पर्धी मुकाबला देखने को मिल सकता है।
निगाहें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
भारत के लिए हरमनप्रीत ने पिछले 9 मैचों में 48.5 की औसत से 291 रन बनाए हैं। मंधाना ने 8 मैचों में 140 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए हैं। इसी तरह गेंदबाजी में श्री चरणी ने 9 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं। नीरदलैंड के लिए कप्तान डी लीडे ने पिछले 10 मैचों में 113 की स्ट्राइक रेट से 237 रन बनाए हैं। इसी तरह गेंदबाजी में हीदर सीजर्स ने 9 मैचों में 9 विकेट झटके हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और नीदरलैंड के बीच ये मुकाबला लीड्स के हेडिंग्ले स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।