महिला टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को हराते हुए तीसरी जीत दर्ज की
क्या है खबर?
महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 के 16वें मैच में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड महिला क्रिकेट टीम को 38 रन से हराया। हेडिंग्ले में खेले गए मैच में इंग्लिश टीम ने 200/5 का स्कोर बनाया, जिसमें सोफिया डंकले ने अर्धशतक (57) लगाया। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 162/7 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती इंग्लैंड
इंग्लैंड से एमी जोन्स (0) और डैनी वायट-हॉज (7) के जल्दी आउट होने के बाद डंकले और ऐलिस कैपसी (40) ने पारी को संभाला। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आई फ्रेया केम्प (39*) और डेनियल गिब्सन (30*) ने उपयोगी योगदान देकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में स्कॉटलैंड ने पावरप्ले के बाद 52/1 का स्कोर बनाया। इसके बाद डार्सी कार्टर (29) और सारा ब्राइस (34) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सकीं।
डंकले
डंकले ने लगाया अपना 7वां अर्धशतक
इंग्लैंड ने जब शून्य के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब डंकले क्रीज पर आई। इस शीर्षक्रम की बल्लेबाज ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां अर्धशतक लगाया। यह टी-20 विश्व कप में उनका पहला ही अर्धशतक साबित हुआ। वह 37 गेंदों में 8 चौकों और एक छक्के की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुई। इस बीच उन्होंने कैपसी के साथ मिलकर 41 रन की साझेदारी निभाई।
सोफी एक्लेस्टोन
150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट वाली पहली इंग्लिश गेंदबाज बनी सोफी एक्लेस्टोन
सोफी एक्लेस्टोन ने मैच के दौरान बड़ा मुकाम हासिल किया। दरअसल, उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 150वां विकेट चटकाया। विपक्षी टीम की कप्तान कैथरीन ब्राइस उनका 150वां शिकार बनी। इसके साथ ही एक्लेस्टोन अब महिलाओं के टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाली इंग्लैंड की पहली और विश्व की सिर्फ 5वीं गेंदबाज बनी। उनसे पहले दीप्ति शर्मा, टी पुट्टावोंग, एच इशिम्वे और मेगन शूट ऐसा कर चुकी हैं।
इंग्लैंड
इंग्लैंड ने लगाई जीत की हैट्रिक
टी-20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड ने जीत की हैट्रिक लगाई है। ग्रुप-B में शीर्ष पर मौजूद इंग्लिश टीम ने इससे पहले आयरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ हुए मैच भी जीते थे। स्कॉटलैंड की यह मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार है। इस टीम ने अब तक सिर्फ आयरलैंड को हराया है। इस ग्रुप से वेस्टइंडीज की टीम दूसरे स्थान पर है, जिसने अपने 2 मैच जीते हुए हैं।