वाराणसी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे विमेंस प्रीमियर लीग के मैच- रिपोर्ट
क्या है खबर?
वाराणसी में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जल्द ही क्रिकेट देखने को मिल सकता है। ऐसी खबर है कि गंजारी में बन रहे इस स्टेडियम में विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के मैच खेले जा सकते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के इस मैदान में घरेलू क्रिकेट के कुछ मैचों के आयोजन की भी उम्मीद है। वाराणसी के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
वाराणसी क्रिकेट स्टेडियम को WPL के लिए किया गया है चिन्हित
दैनिक जागरण के मुताबिक, बुधवार को WPL संचालन परिषद की बैठक में वाराणसी के अलावा मुंबई के सीसीआई और वडोदरा को संभावित आयोजन स्थलों के रूप में चिन्हित किया है।
खबर के अनुसार, इस मैदान पर इसी साल अक्टूबर-नवंबर में रणजी ट्रॉफी का मैच खेला जा सकता है।
इस मुकाबले से पिच और मैदान की तैयारियां परखीं जाएंगी और अगर सब कुछ उम्मीद के मुताबिक रहा तो उसके बाद WPL की मेजबानी भी इसी मैदान के हिस्से में आएगी।
स्टेडियम
भगवान शिव से प्रेरित है स्टेडियम की थीम
यह स्टेडियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में बन रहा है और सितंबर 2023 में इसकी नींव रखी गई थी।
वाराणसी को धर्म नगरी कहा जाता है, जहां हर गली में शिव की झलक मिलती है।
यही कारण है कि करीब 450 करोड़ रुपये की लागत वाले इस स्टेडियम की डिजाइन भगवान शिव और काशी की संस्कृति से प्रेरित है।
यहां पर डमरू जैसा पवेलियन, त्रिशूल जैसी फ्लडलाइट्स चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्टेडियम
स्टेडियम में 14 अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिचें हो रही हैं तैयार
इस स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसमें दर्शकों की क्षमता करीब 30 से 32 हजार रखी गई है।
इसमें 14 अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिचें भी तैयार की जा रही हैं।
पिछले कुछ सालों में उत्तर प्रदेश राज्य में कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम और लखनऊ के इकाना स्टेडियम में ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच खेले जाते रहे हैं।
अब वाराणसी का स्टेडियम भी इस सूची में शामिल होने के करीब है।