महिला एशिया कप 2026: भारत ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से क्यों किया इनकार?
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशिया कप 2026 जीतने के बावजूद बिना ट्रॉफी स्वदेश लौट आई। टीम ने फाइनल में श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम को 72 रन से हराया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के मौजूदा प्रमुख मोहसिन नकवी ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में विजेता टीम को ट्रॉफी खुद देने पर जोर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। ऐसे में आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।
भारत
भारतीय टीम ने नकवी के साथ मंच साझा करने से किया इनकार
भारतीय टीम ने पिछले साल की तरह इस बार भी नकवी से एशिया कप की ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
मैच के बाद होने वाले समारोह को लेकर पर्दे के पीछे बातचीत हुई थी। भारतीय टीम ने सुझाव दिया था कि ACC के उपाध्यक्ष खालिद अल जरूनी विजेता ट्रॉफी प्रदान कर सकते हैं।
हालांकि, नकवी अपने फैसले पर अड़े रहे।
वह मंच पर पहुंचे और भारत को विजेता ट्रॉफी देने के बजाय श्रीलंका को उपविजेता का चेक सौंपा।
मंच
BCCI अधिकारी भी मंच पर नहीं गए
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला मैदान पर मौजूद थे, लेकिन वे मंच पर नहीं गए और न ही नकवी के साथ मंच साझा किया।
उन्होंने मैदान पर भारतीय टीम से बातचीत की।
क्रिकबज को एक सूत्र ने बताया, "नकवी ट्रॉफी प्रदान करना चाहते थे, लेकिन भारतीय टीम ने मना कर दिया। इसलिए समझौते के तौर पर विजेता ट्रॉफी प्रदान किए बिना समारोह आगे बढ़ाने का फैसला किया गया।"
कोच
भारतीय टीम के कोच ने क्या कहा?
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार से बाद में इस घटना को लेकर सवाल किया गया।
उन्होंने इस पूरे मामले पर कहा, "यह रुख BCCI ने अपनाया है और हम इसके साथ खड़े हैं। हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है। हम चैंपियन हैं।"
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा, "BCCI ने जो रुख अपनाया है, हम उस पर एकजुट हैं और उसके साथ खड़े हैं।"
विवाद
पुरुष एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर भी हुआ था विवाद
साल 2025 के पुरुष एशिया कप में भी ट्रॉफी को लेकर ऐसा ही विवाद देखने को मिला था।
UAE में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हराया था।
इसके बाद ट्रॉफी देने को लेकर देरी हुई और इस बात पर चर्चा चलती रही कि विजेता टीम को ट्रॉफी कौन सौंपेगा।
अंत में भारत ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के बिना ही जीत का जश्न मनाया था।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पूरे घटना का वीडियो
🚨 NO TROPHY FROM MOHSIN NAQVI! 🇮🇳
— The Khel India (@TheKhelIndia) September 14, 2026
India Women chose not to collect the Asia Cup trophy from Pakistan’s Mohsin Naqvi.
Smriti Mandhana simply turned around and headed back to the dugout! 🔥
WELL DONE GIRLS! 🙌 pic.twitter.com/XwnW5eW8nW