महिला एशेज 2025: बेथ मूनी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में शतक लगाकर रचा इतिहास, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज बेथ मूनी ने इतिहास रच दिया है। वह तीनों प्रारूप में शतक जड़ने वाली ऑस्ट्रेलिया की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं।
उन्होंने यह अविश्वसनीय उपलब्धि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले जा रहे इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ एशेज टेस्ट के दौरान हासिल की।
उन्होंने डे-नाइट मुकाबले के तीसरे दिन पहले ओवर में अपना शतक पूरा किया। वह दूसरे दिन 98 रन पर नाबाद थीं।
आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही मूनी की पारी
मूनी के टेस्ट करियर का यह पहला शतक रहा। वह नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आईं थी। उन्होंने अपनी पारी में 173 गेंदों का सामना किया और 106 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके निकले।
31 साल की इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 155 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। जब मूनी ने अपना शतक पूरा किया तो उस समय स्टेडियम में 6,000 से ज्यादा दर्शक मौजूद थे।
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 440 रन बनाए।
रिकॉर्ड
मूनी ने हासिल की ये उपलब्धि
मूनी एक महिला एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी भी बन गईं हैं। उन्होंने इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2023 की एशेज सीरीज में 404 रन बनाए थे।
बता दें कि, महिला एशेज तीनों प्रारूप में खेला जाता है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मूनी के अलावा इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट, हीथर नाइट और दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की लौरा वोल्वार्ड्ट सभी प्रारूप में शतक लगाने वाली अन्य बल्लेबाज हैं।
शतक
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6 शतक लगा चुकी हैं मूनी
मूनी के अलावा इस मुकाबले में एनाबेल सदरलैंड ने भी शानदार 163 रन की पारी खेली। उन्होंने 258 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए। उनके बल्ले से 21 चौके और 1 छक्का निकला।
मूनी के अलावा शेन वॉटसन, ग्लेन मैक्सवेल और डेविड वार्नर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी प्रारूप में शतक लगाए हैं।
मूनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 6 शतक लगाए हैं। 3 शतक वनडे क्रिकेट और 2 शतक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हैं।
करियर
ऐसा रहा है मूनी का टेस्ट करियर
मूनी ने अपना पहला टेस्ट मुकाबला साल 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 8 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 13 पारियों में 43 की शानदार औसत के साथ 559 रन बनाने में सफल रहीं हैं।
उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 4 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 106 रन है।
इंग्लैंड के अलावा मूनी ने भारत के खिलाफ 2 टेस्ट और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1 मुकाबला खेला है।