क्या सितंबर में बांग्लादेश का दौरा करेगी भारतीय क्रिकेट टीम? सामने आई यह सच्चाई
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 6 मैचों की सीमित ओवरों की सीरीज के मीडिया अधिकारों के लिए बोलियां आमंत्रित की हैं। यह सीरीज सितंबर में खेली जा सकती है। BCB का कदम इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि यह दौरा पिछले साल होना था, लेकिन भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। मीडिया अधिकारों की प्रक्रिया शुरू होने से सीरीज के आयोजन की संभावनाएं फिर मजबूत हुई है।
अधिकार
इन दौरों को भी किया गया है शामिल
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, BCB ने वैश्विक मीडिया अधिकारों के लिए प्रतिष्ठित टीवी प्रसारकों, डिजिटल मंचों और विपणन एजेंसियों/कंसोर्टियम/फर्मों से वित्तीय प्रस्तावों के साथ रुचि पत्र (EOI) मांगे हैं। निविदा दस्तावेज में स्पष्ट रूप से भारत के प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे को इस प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है। इसके अलावा इसमें 2026 में वेस्टइंडीज, 2027 में इंग्लैंड और 2027 में पाकिस्तान के बांग्लादेश दौरों को भी शामिल किया गया है।
अंतिम
22 जुलाई है अंतिम तिथि
BCB के निविदा दस्तावेज के अनुसार, EOI से जुड़ा दस्तावेज 2 जुलाई से बोर्ड के कार्यालय में उपलब्ध होगा, जबकि बोलियां जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई तय की गई है। दस्तावेज में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इच्छुक पक्षों को अपने प्रस्तावों की हार्ड कॉपी कार्यालय समय के दौरान जमा करनी होगी। ये प्रस्ताव ढाका स्थित शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में BCB प्रबंधन कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे (बांग्लादेश समयानुसार) के बीच स्वीकार होंगे।
BCCI
BCCI ने नहीं दी है आधिकारिक प्रतिक्रिया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने हाल ही में PTI से बातचीत में कहा था कि भारतीय बोर्ड को BCCI में मौजूद प्रशासनिक व्यवस्था से कोई सरोकार नहीं है और वह इस मामले में भारत सरकार की सलाह के अनुसार आगे बढ़ेगा। ऐसे में लंबे समय से टली आ रही इस सीरीज को लेकर बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।
स्थगित
पिछले साल अगस्त में होना था दौरा
भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा पिछले साल अगस्त में प्रस्तावित था, लेकिन बाद में दोनों क्रिकेट बोर्डों की आपसी सहमति से इसे स्थगित कर दिया गया। उस समय BCB ने कहा था, "हम सितंबर 2026 में इस बहुप्रतीक्षित सीरीज के लिए भारत का स्वागत करने को उत्सुक हैं। दौरे की संशोधित तारीखों और कार्यक्रम की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।" BCB के इस बयान के बाद से ही सीरीज के आयोजन को लेकर कई अटकलें लगाईं जा रहीं थी।