Loading...
क्या IPL से हटेगा 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम? BCCI ने सभी फ्रेंचाइजी से मांगी अंतिम राय
BCCI करेगा IPL में इम्पैक्ट प्लेयर नियम की समीक्षा

क्या IPL से हटेगा 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम? BCCI ने सभी फ्रेंचाइजी से मांगी अंतिम राय

Aug 31, 2026
03:21 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सबसे विवादास्पद 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI ने सभी IPL फ्रेंचाइजी को एक आधिकारिक नोटिस भेजकर इस नियम पर व्यापक प्रतिक्रिया मांगी है। इसके लिए 31 अगस्त तक का समय है। बोर्ड का यह कदम हर किसी के लिए बेहद चौंकाने वाला है, क्योंकि पहले माना जा रहा था कि यह नियम अभी बरकरार रहेगा।

राय

कप्तानों की बैठक के बाद लिया गया फैसला

BCCI ने स्पष्ट किया है कि IPL 2026 के दौरान हुई कप्तानों की बैठक में यह सहमति बनी थी कि टूर्नामेंट के समापन पर क्रिकेट ऑपरेशन्स से जुड़े मुख्य मुद्दों पर सभी फ्रेंचाइजी से लिखित फीडबैक लिया जाएगा।

फ्रेंचाइजी को भेजे गए पत्र में कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया मांगी गई है।

इनमें खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों का क्षेत्र (PMOA) से जुड़े मामले, अंपायरिंग, अभ्यास सत्र और खेल की स्थितियां शामिल हैं। हालांकि, मुख्य ध्यान इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर है।

विरोध

रोहित और पांड्या कर चुके हैं नियम का विरोध

इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर क्रिकेट जगत और खिलाड़ियों के बीच 2 फाड़ देखने को मिली है।

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और शुभमन गिल जैसे शीर्ष खिलाड़ी सार्वजनिक रूप से इस नियम का कड़ा विरोध कर चुके हैं।

उनका मानना है कि यह नियम ऑलराउंडर्स के विकास को रोकता है और खेल के प्राकृतिक संतुलन को बिगाड़ता है।

वहीं कुछ टीमों और कोचों का मानना है कि इससे मैच अंत तक रोमांचक बने रहते हैं।

ADVERTISEMENT

समीक्षा

इन मुद्दों की भी होगी समीक्षा

BCCI ने फ्रेंचाइजी से केवल इम्पैक्ट प्लेयर पर ही नहीं, बल्कि कई अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी फीडबैक मांगा है।

इनमें अंपायरिंग का स्तर और खेल की परिस्थितियां, टीमों के अभ्यास सत्र और कैटरिंग व्यवस्था भी शामिल हैं।

बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में इस बात को भी गंभीरता से उठाया है कि पिछले IPL सीजन के दौरान कुछ टीमों द्वारा भ्रष्टाचार विरोधी नियमों का उल्लंघन किया गया था, जिसे आगामी सीजन में सख्ती से रोकना बेहद जरूरी है।

ADVERTISEMENT

नियम

क्या है इम्पैक्ट प्लेयर नियम?

यह नियम IPL मैच को व्यावहारिक रूप से 12 खिलाड़ियों का मुकाबला बना देता है।

टॉस के समय प्लेइंग इलेवन के साथ टीमों को कुछ स्थानापन्न खिलाड़ियों के नाम देने होते हैं।

मैच के दौरान किसी ओवर की समाप्ति पर, विकेट गिरने पर, पारी की शुरुआत में या किसी बल्लेबाज के रिटायर होने पर इम्पैक्ट प्लेयर को मैदान पर उतारा जा सकता है।

बड़ी बात यह है कि बाहर जाने वाला खिलाड़ी फिर पूरे मैच में हिस्सा नहीं ले पाता।

जानकारी

आगे क्या होगा?

फ्रेंचाइजी का फीडबैक मिलने के बाद BCCI की गवर्निंग काउंसिल इसका विश्लेषण करेगी। इसके बाद ही तय होगा कि आगामी IPL 2027 में इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू रहेगा या इसे हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा।

ADVERTISEMENT