Page Loader
क्या शुभमन गिल और रोहित शर्मा रणजी ट्रॉफी में लेंगे हिस्सा? अहम खबर आई सामने 
रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए दिख सकते हैं गिल (तस्वीर: एक्स/@ICC)

क्या शुभमन गिल और रोहित शर्मा रणजी ट्रॉफी में लेंगे हिस्सा? अहम खबर आई सामने 

Jan 14, 2025
10:04 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरे पर निराशाजनक प्रदर्शन रहा था। सीरीज को गंवाने के बाद से भारतीय खिलाड़ियों के घरेलू क्रिकेट में खेलने की चर्चा ने जोर पकड़ा हुआ है। इस बीच खबर है कि शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी 2024-25 में खेलते हुए नजर आएंगे। वह पंजाब की ओर से अगले मुकाबले में हिस्सा ले सकते हैं। वहीं, रोहित शर्मा भी मुंबई की टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट 

कर्नाटक के खिलाफ मैच खेलेंगे गिल

गिल 2 सालों के बाद घरेलू क्रिकेट में खेलते दिख सकते हैं। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के एक सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, "हां, शुभमन गिल 23 जनवरी को कर्नाटक के खिलाफ पंजाब के रणजी मैच के लिए उपलब्ध हैं।" पंजाब रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में ग्रुप-C में मौजूद है और अपने ग्रुप में फिलहाल दूसरे स्थान पर है। कर्नाटक की टीम शीर्ष स्थान पर है।

गिल 

गिल ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर किया था निराश 

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में गिल को 3 टेस्ट में मौका मिला, जिसमें उन्होंने 18.60 की औसत के साथ कुल 93 रन बनाए थे। इस बीच वह एक भी पारी में अर्धशतक नहीं लगा सके थे। वह चोट के कारण सीरीज के पहले पर्थ टेस्ट में नहीं खेल सके थे। उनके स्कोर क्रमशः 31, 28, 1, 20 और 13 रन रहे थे। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने अब तक 32 मैचों में 35.05 की औसत से 1,893 रन बनाए हैं।

रोहित 

क्या रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे रोहित?

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के एक अधिकारी ने PTI को बताया, "रोहित ने मुंबई रणजी टीम के साथ प्रशिक्षण में अपनी रुचि व्यक्त की है। उन्होंने मुख्य कोच ओमकार सलावी से संपर्क किया है।" रेवस्पोर्ट्स की ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित ट्रेनिंग के लिए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पहुंच गए हैं। वह 23 जनवरी को जम्मू और कश्मीर के खिलाफ अगले मैच में खेलेंगे या नहीं, इस पर स्पष्टता नहीं है।

आंकड़े

ऑस्ट्रेलिया में रोहित ने बनाए थे कुल 31 रन 

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित ने 5 पारियों में केवल 31 रन ही बनाए थे। वह ऑस्ट्रेलिया और उससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में बेरंग दिखे थे। वह आखिरी बार 2015 में लाल गेंद से घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए दिखे थे। रोहित ने 2013 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक भारत के लिए 67 टेस्ट में 40.57 की औसत से 4,301 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 12 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं।