क्या रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम से जुड़ेंगे?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के अभियान में जुटी भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। चेन्नई में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले सुपर-8 के अहम मुकाबले से पहले मंगलवार को रिंकू सिंह टीम को छोड़कर नोएडा रवाना हो गए। दरअसल, रिंकू के पिता खानचंद सिंह लीवर कैंसर से जूझ रहे हैं और उनका नोएडा के अस्पताल में उपचार जारी है। वह वर्तमान में वेंटीलेटर पर हैं। ऐसे में वह तत्काल दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
सवाल
क्या मैच से पहले टीम से जुड़ेंगे रिंकू?
रिंकू की वापसी को लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले दोबारा टीम से जुड़ जाएंगे। हालांकि, यह उनके पिता की हालत के स्थिर रहने या उसमें सुधार होने पर ही संभव होगा। विश्व कप में रिंकू के अब तक के प्रदर्शन को देखते हुए उनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने का निर्णय बाद में किया जाएगा।
संभावना
संजू सैमसन को मिल सकता है मौका
रिपोर्ट के अनुसार, अगर रिंकू टीम से नहीं जुड़ते हैं तो जिम्बाब्वे के खिलाफ उनकी जगह संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। रिंकू के आने पर भी टीम में बदलाव की संभावना है। भारतीय टीम कोचिंग स्टाफ ने संकेत दिए हैं कि प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकता है। टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की अधिकता के कारण ऑफ स्पिन के खिलाफ परेशानी दिखी है। ऐसे में संजू को मौका दिया जा सकता है।
तैयारी
किशन और अभिषेक ने किया वाशिंगटन सुंदर का सामना
मौजूदा बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने अपने अभ्यास सत्र में ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर और वरुण का सामना किया। इस दौरान सिकंदर रजा की तरह गेंदबाजी करने वाले एक स्थानीय मिस्ट्री स्पिनर ने भी दोनों को अभ्यास कराया। पिछले 2 मैच से बाहर अक्षर पटेल ने भी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों का अभ्यास किया। ऐसे में सुंदर की जगह उनकी वापसी तय मानी जा रही है।