क्या मोहम्मद आमिर ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद IPL में खेलेंगे? जानिए क्या दिया जवाब
क्या है खबर?
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में संभावित उपस्थिति को लेकर बढ़ती अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश नागरिकता प्राप्त करने के बाद अब वह इस प्रतियोगिता में भाग लेने के योग्य हो गए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह इसमें शामिल होंगे या नहीं। उन्होंने इंग्लैंड में 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट के दौरान बातचीत में यह बात कही है।
बयान
आमिर ने क्या दिया बयान?
आमिर इस समय द हंड्रेड टूर्नामेंट में घरेलू खिलाड़ी के रूप में ट्रेंट रॉकेट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
मुकाबले के बाद उन्होंने कहा, "मैं खेल का आनंद ले रहा हूं। अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं और टीम भी जीत रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं साल 2027 में विदेशी खिलाड़ी के तौर पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलूंगा। IPL की बात करें तो, मुझे अभी पता नहीं है कि मैं उसमें हिस्सा लूंगा या नहीं।"
नागरिकता
ब्रिटिश नागरिकता ने आमिर के लिए खोले नए द्वार
आमिर को उनकी पत्नी नरजिस खान के माध्यम से ब्रिटिश नागरिकता प्राप्त हुई, जो स्वयं एक ब्रिटिश नागरिक हैं।
निवास और कानूनी आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद आमिर अब IPL सहित दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीगों में ब्रिटिश विदेशी खिलाड़ी के रूप में पंजीकरण कराने के पात्र हैं।
वह स्थानीय खिलाड़ी के रूप में टी-20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर के नॉट्स आउटलॉज में शामिल हुए और बाद में ट्रेंट रॉकेट्स ने द हंड्रेड के लिए उन्हें अपने साथ जोड़ा है।
करियर
कैसा रहा है आमिर का अंतरराष्ट्रीय करियर?
आमिर ने टी-20 विश्व कप 2024 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उसके साथ उनके पाकिस्तानी क्रिकेट करियर का भी अंत हो गया था।
उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट मैचों में 30.47 की औसत से 119 विकेट और 61 वनडे मैचों में 29.62 की औसत से 81 विकेट चटकाए हैं।
इसी तरह उन्होंने 62 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 21.94 की औसत से 71 विकेट अपने नाम किए हैं। अब वैश्विक फ्रेंचाइजी सर्किट में लोकप्रिय नाम हैं।