टी-20 विश्व कप 2026: क्या न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनेगा भारत?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच 8 मार्च को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी। वहीं, कीवी टीम पहली बार ये ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया था। वहीं, कीवी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को मात दी थी। आइए मैच से जुड़ी सभी जानकारी पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2007 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 30 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 18 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है और 11 मैच न्यूजीलैंड ने अपने नाम किए हैं। 1 मैच टाई पर समाप्त हुआ है। टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों की पिछली 5 भिड़ंत में न्यूजीलैंड को सिर्फ 1 मैच में ही जीत मिल पाई है। 4 मुकाबले भारत ने जीते हैं।
विश्व कप
टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने जीते हैं सभी मुकाबले
टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले हुए हैं। इन सभी मैचों में कीवी टीम को ही जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 2007 में खेला गया था, जिसे न्यूजीलैंड ने 10 रन से जीता था। दूसरी भिड़ंत साल 2016 में हुई थी। उस मुकाबले को कीवी टीम ने 47 रन से जीता था। आखिरी बार 2021 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ और न्यूजीलैंड को 8 विकेट से जीत मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
भारतीय टीम फाइनल मुकाबले में बड़ा बदलाव कर सकती है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 64 रन लुटाने वाले वरुण चक्रवर्ती की जगह कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। वहीं, संजू सैमसन से एक और शानदार पारी की उम्मीद होगी। अभिषेक शर्मा अपना खोया हुआ लय हासिल करना चाहेंगे। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है न्यूजीलैंड
कीवी टीम को पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 विकेट से जीत मिली थी। ऐसे में वह अपने प्लेइंग इलेवन में बदलाव नहीं करना चाहेंगे। शानदार फॉर्म में चल रहे फिन एलन से एक और ताबड़तोड़ पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में मैट हेनरी और कप्तान मिचेल सैंटनर बेहतर करना चाहेंगे। संभावित एकादश: टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन।
पिच
कैसा रहता है नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच का मिजाज?
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। विश्व कप को देखते हुए यहां रनों से भरी हुई पिच पर मैच हो सकता है।
जानकारी
कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 8 मार्च को अहमदाबाद का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 22 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। दर्शकों को एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
ईशान ने इस विश्व कप में 8 पारियों में 189.20 की स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं। संजू के बल्ले से 4 पारियों में 77.33 की औसत से 232 रन निकले हैं। न्यूजीलैंड से एलन ने 7 पारियों में 57.80 की औसत से 289 रन बनाए हैं। सेफर्ट ने 7 पारियों में 274 रन बनाए हैं। रचिन ने 6 पारियों में 11 विकेट चटकाए हैं। बुमराह ने 7 पारियों में 15.90 की औसत से 10 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में रात 7 से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।