हार्दिक पांड्या श्रीलंका सीरीज से भी होंगे बाहर? IPL 2027 में कर सकते हैं वापसी- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लंबे समय से चोट से परेशान हैं। वह फिटनेस कारणों से अब तक कई अहम सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे। इस बीच खबर है कि पांड्या की वापसी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। वह अब सीधे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के जरिए मैदान पर वापसी कर सकते हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
फिटनेस प्रोग्राम पर निर्भर करेगी पांड्या की वापसी
पांड्या अभी भी अपनी पिंडली के अंदरूनी हिस्से में लगी 'स्ट्रेस इंजरी' से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, 32 वर्षीय ये खिलाड़ी अभी बेंगलुरु में BCCI के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
अब उनकी मैदान में वापसी इस बात पर निर्भर करेगी कि वह एक चरणबद्ध फिटनेस प्रोग्राम में कितनी प्रगति करते हैं।
रिपोर्ट
3 हफ्ते बाद दौड़ना शुरू कर सकते हैं पांड्या
खबर के अनुसार, पिछले हफ्ते डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला ने पांड्या की मेडिकल रिपोर्ट की समीक्षा की थी।
रिहैब की योजना के अनुसार, पांड्या 3 हफ्ते बाद धीमे-धीमे दौड़ना (जॉगिंग) शुरू कर सकते हैं।
इसी क्रम में अगले 8 हफ्तों में धीरे-धीरे उनके दौड़ने का वर्कलोड बढ़ाया जाएगा।
चोट वाली जगह पर अतिरिक्त दबाव न पड़े, इसलिए मेडिकल सलाह के अनुसार उनकी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को भी बहुत सावधानी से बढ़ाया जा रहा है।
सीरीज
पांड्या श्रीलंका-जिम्बाब्वे सीरीज से भी होंगे बाहर
भारत को दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ वनडे और इसके बाद टी-20 सीरीज की मेजबानी करनी है।
3 मैचों की वनडे सीरीज 13 दिसंबर से शुरू होगी, जबकि टी-20 सीरीज का आगाज 22 दिसंबर से होना है।
इसके बाद 3 जनवरी से जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा लेना है।
ऐसे में पांड्या की इन दोनों सीरीज से बाहर होने की प्रबल संभावना है।
मैच
IPL 2026 से प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेले हैं पांड्या
पांड्या ने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच 24 मई को IPL 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेला था।
वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले भी वह मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर हो गए थे।
इसी चोट के कारण वह अफगानिस्तान सीरीज, आयरलैंड और इंग्लैंड के अहम दौरे से बाहर रह चुके हैं।
उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेला था।